गैस एजेंसी की मनमानी के खिलाफ फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग तीन घंटे रहा जाम

प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
– सुबह 05 बजे से लाइन में खड़े उपभोक्ताओं को नहीं मिला सिलिंडर – लिंक फेल का हवाला देकर वितरण रोका – प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम सुपौल. जिला मुख्यालय स्थित सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर जिला अतिथि गृह के समीप बुधवार को गैस एजेंसी की कथित मनमानी के खिलाफ गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार सुबह से ही बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे. उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मियों द्वारा बार-बार अलग-अलग बहाने बनाकर गैस वितरण में देरी की जा रही थी. प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं में रानी झा, अनीता कुमारी, सदरुल मियां, राहुल कुमार और विनोद कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि वे लोग सुबह करीब 5 बजे से ही गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे. इसके बावजूद एजेंसी कर्मियों द्वारा कभी लिंक फेल तो कभी अन्य तकनीकी समस्या का हवाला देकर गैस वितरण नहीं किया गया. करीब 11 बजे यह कहकर वितरण बंद कर दिया गया कि सिस्टम का लिंक फेल हो गया है. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने 10 दिन पहले ही गैस की बुकिंग कर दी थी, फिर भी एजेंसी द्वारा समय पर सिलिंडर नहीं दिया जाता है. लोगों का कहना है कि एजेंसी की मनमानी के कारण कई उपभोक्ताओं को ब्लैक में 1500 से 2000 रुपये तक में सिलिंडर खरीदने को मजबूर होना पड़ता है. सड़क जाम की सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन आक्रोशित उपभोक्ता मानने को तैयार नहीं थे. बाद में मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ और सदर डीएसपी ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और जाम समाप्त कराया. एसडीओ ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि फिलहाल 150 गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिनका वितरण आज ही किया जाएगा. वहीं शेष उपभोक्ताओं को गुरुवार को गैस उपलब्ध करा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं. प्रशासन की पहल के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




