शहर में जाम व अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, यातायात व्यवस्था सुधारने को बनेगी सड़कवार कार्ययोजना

Updated:
विज्ञापन

समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि पूर्व की तुलना में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है तथा अतिक्रमण भी अपेक्षाकृत कम हुआ है

विज्ञापन

सुपौल. सुपौल शहर में अतिक्रमण, जाम एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता की संयुक्त अध्यक्षता में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर परिषद, यातायात थाना एवं नगर थाना द्वारा अतिक्रमण हटाने, जाम नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि पूर्व की तुलना में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है तथा अतिक्रमण भी अपेक्षाकृत कम हुआ है, लेकिन इन विषयों पर निरंतर संयुक्त रूप से कार्य किए जाने की आवश्यकता बताई गई. अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से शहर का विस्तृत सर्वे कराएं व ठेला, रिक्शा, ई-रिक्शा आदि के संचालन के लिए एक सुव्यवस्थित प्रारूप तैयार करें. उन्होंने कहा कि सुपौल शहर की प्रत्येक सड़क के लिए अलग-अलग विस्तृत योजना बनाई जाए और स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर उन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए. इस पर नगर परिषद की ओर से बताया गया कि परिषद में वर्तमान में टाउन प्लानर एवं आर्किटेक्ट उपलब्ध हैं, जिनकी सहायता से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली जाएगी, तत्पश्चात उसे लागू करने की कार्रवाई की जाएगी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने नगर थाना एवं यातायात थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि वे विभिन्न चौक-चौराहों पर आवश्यक बलों की आवश्यकता का आकलन कर एक विस्तृत प्रारूप तैयार करें तथा उसी के अनुरूप बलों की प्रतिनियुक्ति की मांग करते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाना सुनिश्चित करें. बैठक में यातायात पुलिस उपाधीक्षक कमलेश्वर प्रसाद, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार, यातायात थानाध्यक्ष, नगर थानाध्यक्ष सहित नगर परिषद के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन