एलपीजी गैस की आपूर्ति पर प्रशासन की है कड़ी नजर

किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
– हेल्पलाइन जारी, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील सुपौल. जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने व इसकी नियमित निगरानी के लिए डीएम सावन कुमार के निर्देश पर जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित की गई है. किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता एवं आम नागरिक प्रतिदिन सुबह 06 बजे से रात 10 बजे तक दूरभाष संख्या 06473-224005 पर संपर्क कर सकते हैं. जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. सभी गैस कंपनियों एवं वितरकों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है. गैस की बुकिंग एवं डिलीवरी की प्रक्रिया पहले की तरह ही सुचारू रूप से संचालित हो रही है. उपभोक्ता मिस्ड कॉल, एसएमएस, आईवीआरएस, व्हाट्सएप तथा ओटीपी के माध्यम से गैस बुकिंग कर सकते हैं. प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस की बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित है. डीएम ने बताया कि गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ इस विषय पर नियमित समीक्षा बैठक की जा रही है. पूरे जिले की स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है. लोगों से अपील की गई है कि पैनिक बुकिंग न करें. साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को एलपीजी गैस डीलरों एवं वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है. जिला स्तर से प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा थाना अध्यक्षों की टीम गठित की गई है, जो लगातार जांच और निरीक्षण का कार्य कर रही है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से रोक लगाई जाए. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




