सुपौल के राघोपुर में न्याय की मांग को लेकर बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, 4 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला
Supaul News: सुपौल के राघोपुर में पति पर दूसरी शादी और परित्याग का आरोप लगाकर एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. महिला डीएम और एसपी के मौके पर आने की मांग पर अड़ी रही, जिससे इलाके में घंटों अफरा-तफरी मची रही.
राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट
Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. पति पर दूसरी शादी और परित्याग का आरोप लगाते हुए महिला ने न्याय की मांग की और डीएम व एसपी के मौके पर आने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया. करीब चार घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही.
पति पर दूसरी शादी का आरोप, बेटे संग चढ़ गई टावर पर
घटना नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-4 की है. टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है. महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था. इस विवाह से दोनों का एक 12 वर्षीय पुत्र भी है. महिला का कहना है कि कुछ वर्षों बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे तथा उसके बेटे को छोड़ दिया.
‘डीएम-एसपी आएंगे तभी उतरूंगी’, महिला की जिद से बढ़ी प्रशासन की परेशानी
गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि न्याय के लिए वह कई बार थाने और पुलिस अधिकारियों के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी से आहत होकर उसने विरोध के तौर पर बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला लिया.

टावर पर मौजूद महिला ने साफ कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर न्याय का आश्वासन नहीं देंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. महिला की इस जिद के कारण प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
“भरत तिवारी अमर रहे…”, नारे और पोस्टर के साथ सीतामढ़ी की सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज.
घटनास्थल पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़
टावर पर महिला और बच्चे को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने लगातार महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया. एहतियातन घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई.
इसे भी पढ़ें: NEET Re-exam में असली उम्मीदवारों की जगह बैठे सॉल्वर, लखीसराय से 9 गिरफ्तार, यहां के मेडिकल छात्र पकड़े गए
Supaul News: प्रशासन समाधान निकालने में जुटा
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके पुत्र को सुरक्षित नीचे उतारने तथा पूरे मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास में जुटा रहा. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: लखीसराय में ‘सॉल्वर गैंग’ का भंडाफोड़, मेडिकल कॉलेजों के छात्र दूसरे की जगह दे रहे थे परीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










