बिहार सिपाही परीक्षा को लेकर 16 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, किशनगंज के अभ्यर्थियों में मायूसी

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Bihar Police Exam Special Train: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने 16 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की बड़ी घोषणा की है. इस विशेष व्यवस्था में सीमांचल के अररिया और पूर्णिया को तो ट्रेनें मिली हैं, लेकिन सीमावर्ती जिला किशनगंज एक बार फिर रेल सेवा से उपेक्षित रह गया है, जिससे स्थानीय युवाओं में गहरा असंतोष है.

विज्ञापन

ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट

Bihar Police Exam Special Train: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं. रेलवे मुख्यालय हाजीपुर ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर 16 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले लाखों अभ्यर्थियों को यात्रा में राहत प्रदान करना और नियमित ट्रेनों पर पड़ने वाले अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करना है. हालांकि, रेलवे के इस बड़े कदम के बावजूद किशनगंज जिले के अभ्यर्थियों के हाथ केवल मायूसी लगी है.

23 जून की रात से शुरू होगा ट्रेनों का परिचालन

रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का परिचालन 23 जून की शाम से ही शुरू हो जाएगा, ताकि अभ्यर्थी समय पर अपने केंद्रों तक पहुंच सकें:

  • ट्रेन संख्या 03201 (पाटलिपुत्र-सहरसा): 23 जून की रात 08:00 बजे पाटलिपुत्र से खुलकर अगले दिन सुबह 05:00 बजे सहरसा पहुंचेगी.
  • ट्रेन संख्या 03213 (पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट): रात 09:45 बजे खुलेगी और सुबह 07:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
  • ट्रेन संख्या 03205 (दानापुर-अररिया कोर्ट): रात 10:00 बजे दानापुर से रवाना होकर सुबह 06:00 बजे अररिया कोर्ट पहुंचेगी.

इसके अलावा पटना जंक्शन से छपरा, भभुआ रोड और बेतिया के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. वहीं गया से मधुबनी, भभुआ रोड से मधुबनी, नवगछिया से पटना, बक्सर से दानापुर, नवादा से जमालपुर तथा किऊल से गया के बीच भी विशेष कड़ियों के तहत ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया गया है.

सीमांचल को आंशिक राहत, किशनगंज फिर उपेक्षित

रेलवे की इस विशेष घोषणा में सीमांचल के अररिया और पूर्णिया जिले को तो सीधी ट्रेनों का लाभ मिल गया है, लेकिन किशनगंज जिला प्रशासनिक स्तर पर पूरी तरह उपेक्षित रह गया है. किशनगंज, ठाकुरगंज, गलगलिया, तैयबपुर और पौआखाली जैसे सुदूर क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए कोई सीधी परीक्षा स्पेशल ट्रेन उपलब्ध नहीं कराई गई है.

किशनगंज जिले से हर वर्ष हजारों युवा पुलिस और सैन्य भर्ती परीक्षाओं में बैठते हैं. स्थानीय युवाओं और अभिभावकों को पूरी उम्मीद थी कि रेलवे कम से कम कटिहार-किशनगंज रेलखंड के लिए कोई मेमू या डेमू परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाएगा, लेकिन अंतिम सूची में जिले का नाम गायब होने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई है.

सामान्य ट्रेनों पर बढ़ेगा दबाव, छात्रों की बढ़ेगी आफत

सीधी ट्रेन न होने के कारण अब किशनगंज के परीक्षार्थियों को पहले बसों या ऑटो के सहारे कटिहार, पूर्णिया या अररिया कोर्ट स्टेशनों तक पहुंचना होगा और फिर वहां से स्पेशल ट्रेनों का सहारा लेना होगा.

इस विसंगति के कारण कटिहार-किषनगंज रेलखंड पर चलने वाली नियमित और सामान्य ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ना तय है, जिससे आम रेल यात्रियों को भी पैर रखने तक की जगह नहीं मिलेगी. भौगोलिक दृष्टि से बिहार के अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण यहाँ के छात्रों को पटना या गया जाने के लिए वैसे ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती है.

घोषित प्रमुख परीक्षा स्पेशल ट्रेनों की सूची

ट्रेन संख्याकहाँ से कहाँ तकप्रस्थान व आगमन समय
03201पाटलिपुत्र – सहरसारात 20:00 से सुबह 05:00
03205दानापुर – अररिया कोर्टरात 22:00 से सुबह 06:00
03213पाटलिपुत्र – पूर्णिया कोर्टरात 21:45 से सुबह 07:30
03216नवगछिया – पटनारात 20:00 से सुबह 03:00
03214भभुआ रोड – मधुबनीशाम 18:00 से सुबह 05:30
03215गया – मधुबनीरात 21:00 से सुबह 06:30

Bihar Police Exam Special Train: अंतिम समय में अतिरिक्त ट्रेन चलने की उम्मीद

“भीड़ के अत्यधिक दबाव को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि किसी विशिष्ट रूट पर परीक्षार्थियों की संख्या बहुत अधिक पाई जाती है, तो संबंधित रेल मंडल (जैसे कटिहार या समस्तीपुर) तुरंत अपने स्तर से अतिरिक्त परीक्षा स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाकर परिचालन शुरू कर सकते हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी (GRP) को स्टेशनों पर कानून-व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और टिकट चेकिंग के दौरान विशेष सतर्कता व संवेदनशीलता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं.”

पटना: NEET Re-Exam में सॉल्वर गैंग को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया.

फिलहाल, किशनगंज जिले के हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें कटिहार रेल मंडल के स्थानीय प्रशासन पर टिकी हैं. यदि समय रहते अतिरिक्त रैक की व्यवस्था नहीं की गई, तो युवाओं को जान जोखिम में डालकर सामान्य ट्रेनों के डिब्बों में सफर करने को मजबूर होना पड़ेगा.

किशनगंज की ख़बरों को पढने के लिए क्लिक करें !

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन