सीवान के दरौंदा में भूमिहीन परिवारों की जमीन की जांच, डीसीएलआर ने दिए कब्जा दिलाने के निर्देश

जांच करने पहुंचे डीसीएलआर | Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार की 'अभियान बसेरा 2.0' योजना के तहत सीवान के दरौंदा प्रखंड में भूमिहीन परिवारों को आवंटित जमीन की भौतिक जांच की गई. डीसीएलआर ने हडसर और शेरही गांव पहुंचकर लाभुकों को वास्तविक और शांतिपूर्ण कब्जा दिलाने के निर्देश दिए. यह पहल योग्य परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “अभियान बसेरा 2.0” के तहत भूमिहीन परिवारों को आवंटित जमीन की भौतिक जांच की गई. भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) ने हडसर और शेरही गांव पहुंचकर लाभुक परिवारों को आवंटित जमीन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योग्य लाभुकों को उनकी जमीन पर वास्तविक और शांतिपूर्ण कब्जा दिलाने के निर्देश दिए.
हडसर गांव में तीन परिवारों की जमीन की जांच
डीसीएलआर सबसे पहले हडसर गांव पहुंचे. यहां महादलित एवं वंचित वर्ग के लाभुक मीना देवी पति जयप्रकाश मांझी, किसनती देवी पति हरेराम यादव और ममता देवी पति संतोष यादव के परिवारों को आवंटित भूमि का भौतिक निरीक्षण किया गया.
अधिकारियों ने आवंटित जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अभिलेखों से उसका मिलान किया. निरीक्षण के दौरान जमीन पर लाभुकों के कब्जे और अन्य जरूरी पहलुओं की भी जांच की गई.
शेरही में जमीन की नापी और चौहद्दी का सत्यापन
इसके बाद प्रशासनिक टीम शेरही गांव पहुंची. यहां योजना के तहत भूमिहीन परिवार गुड़िया देवी पति सुनील शर्मा को आवंटित भूमि की नापी कराई गई. साथ ही जमीन की चौहद्दी का भी सत्यापन किया गया.
योग्य लाभुकों को दिलाएं शांतिपूर्ण कब्जा
निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर ने अंचल प्रशासन वेद प्रकाश नारायण और संबंधित राजस्व कर्मचारी को निर्देश दिया कि योजना के तहत आवंटित जमीन पर योग्य लाभुकों का वास्तविक और शांतिपूर्ण कब्जा सुनिश्चित कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी अयोग्य व्यक्ति को योजना का लाभ दिए जाने की स्थिति में संबंधित लाभुक और कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
उन्होंने कहा कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के साथ-साथ धरातल पर भी भूमिहीन परिवारों को उनके हक की जमीन मिलनी चाहिए, ताकि वे अपना आशियाना बना सकें.
विवाद या अतिक्रमण हो तो तत्काल करें कार्रवाई
डीसीएलआर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवंटित भूमि पर किसी प्रकार का विवाद या अतिक्रमण होने की स्थिति में उसे तत्काल दूर कराया जाए. उन्होंने कहा कि “अभियान बसेरा 2.0” के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
वरीय अधिकारी को अपनी जमीन की जांच के लिए मौके पर पहुंचा देख लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल रहा. लाभुकों ने कहा कि जमीन का पर्चा मिलने के बाद प्रशासन की ओर से इसकी सुध लिए जाने से उन्हें बड़ी राहत मिली है. अब उन्हें अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की उम्मीद है.
निरीक्षण के दौरान कौशल कुमार राय सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











