सीवान: सिसवन पंचायत समिति बैठक में बिजली विभाग पर फूटा गुस्सा, BEO से सप्ताह में एक दिन कार्यालय में बैठने की मांग

बैठक में शामिल जनप्रतिनिधि व अधिकारी
सीवान प्रखंड मुख्यालय में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली और पीएचईडी विभागों की कार्यशैली पर गहरा रोष व्यक्त किया. बिजली आपूर्ति बाधित रहने और मरम्मत में लापरवाही पर सवाल उठाए गए.
Siwan News: सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को आयोजित पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर जमकर नाराजगी जताई. पंचायत समिति सदस्य नंदकिशोर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने, जर्जर तारों को नहीं बदले जाने, खराब ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत नहीं होने तथा शिकायतों के समाधान में लापरवाही के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
हल्की बारिश और तेज हवा में घंटों गुल रहती है बिजली
बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि हल्की बारिश और तेज हवा चलते ही कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है. लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से अपेक्षित सुधार नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं.
पीएचईडी की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
बैठक में पीएचईडी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सदस्यों ने सवाल उठाए. कई पंचायतों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत, पेयजल संकट तथा जलापूर्ति योजनाओं के अधूरे कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया.
सदस्यों ने कहा कि गर्मी और बरसात दोनों मौसम में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन कई स्थानों पर व्यवस्था संतोषजनक नहीं है.
BEO से सप्ताह में एक दिन कार्यालय में बैठने की मांग
बैठक के दौरान शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) से सप्ताह में कम से कम एक दिन नियमित रूप से कार्यालय में बैठने की मांग की.
सदस्यों का कहना था कि बीईओ के नियमित रूप से कार्यालय में नहीं रहने के कारण शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है.
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान कई पंचायतों के जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के कई अधिकारी अनुपस्थित रहे. इस पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत समिति की बैठक विकास योजनाओं की समीक्षा का महत्वपूर्ण मंच है और अधिकारियों की अनुपस्थिति से जनसमस्याओं के समाधान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.
सदस्यों ने सभी अधिकारियों से नियमित रूप से बैठक में भाग लेने और जनसमस्याओं के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की.
अगली बैठक तक कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश
बैठक के अंत में प्रखंड प्रमुख ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अगली बैठक तक उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: BJP का दामन थामते ही भावुक हुए मृत्युंजय तिवारी, बोले- अब यहीं जियेंगे, यहीं मरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










