सीवान: भगवानपुर हाट के मोरा खास में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया, 15 लोगों का कब्जा जेसीबी से हटाया गया

गौरमजरुआ आम भूमि से अतिक्रमण हटवाते अंचलाधिकारी धीरज कुमार पाण्डेय व अन्य अधिकारी
सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड में प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाया गया. करीब डेढ़ बीघा जमीन से 15 लोगों के अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से खाली कराया गया.
Siwan News: सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के मोरा खास गांव में शुक्रवार को अंचल प्रशासन ने गौरमजरुआ आम भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया. अंचलाधिकारी धीरज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जेसीबी की मदद से करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में लगभग 15 लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
करीब डेढ़ बीघा सरकारी जमीन कराई गई खाली
अंचलाधिकारी धीरज कुमार पाण्डेय ने बताया कि लगभग 1 बीघा 10 कट्ठा 13 धुर गौरमजरुआ आम भूमि पर लोगों ने घर, दलान, बथान और झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था. अनुमंडलीय अपीलीय प्राधिकार में लंबित वाद के निर्णय के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.
पहले दी गई थी नोटिस
सीओ ने बताया कि अभियान शुरू करने से पहले संबंधित अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार पूर्व सूचना दी गई थी. निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई की.
चार घंटे तक चला अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक चले अभियान के दौरान पूरी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










