सीवान में कार की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर घायल, भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

सीवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र में एनएच-227ए पर सड़क हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद कार चालक भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया.
Siwan News: सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित एनएच-227ए पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक से पीछा कर उसे तरवारा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के पास पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, जामो बाजार थाना क्षेत्र के जामो बाजार निवासी शत्रुंजय कुमार प्रसाद अपने परिजन राकेश कुमार साह के साथ कार से सीवान जा रहे थे. इसी दौरान जलालपुर गांव स्थित आश्रम के समीप अचानक एक साइकिल सवार कार की चपेट में आ गया. टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया.
भाग रहे चालक का ग्रामीणों ने किया पीछा
दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भागने लगा. इसे देख स्थानीय ग्रामीण बाइक से उसके पीछे लग गए और तरवारा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के समीप कार को रोक लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने चालक और कार में सवार व्यक्ति की पिटाई कर दी तथा उन्हें कार सहित वापस घटनास्थल पर ले आए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही जीबी नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटना में शामिल कार और साइकिल को जब्त कर लिया तथा चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
घायल का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं कार में सवार एक व्यक्ति को भी हल्की चोट लगी थी, जिसका उपचार तरवारा के एक निजी अस्पताल में कराया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










