सीवान में सफाई कर्मियों की हड़ताल सातवें दिन भी जारी, शहर में जमा हुआ 900 टन कचरा
स्टेशन रोड पर लगा कचरे का अंबार जेपी चौक पर प्रदर्शन करते सफाई कर्मी
सीवान में नगर परिषद के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी जारी है, जिससे शहर में 900 टन कचरा जमा हो गया है. कचरे के ढेर से लोगों को भारी परेशानी हो रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
सीवान: नगर परिषद के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को सातवें दिन भी जारी रही. सफाई कर्मियों के काम बंद रखने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. नियमित कचरा उठाव नहीं होने के कारण शहर की सड़कों, चौक-चौराहों और मोहल्लों में करीब 900 टन कचरा जमा होने का अनुमान लगाया जा रहा है.
जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है. कई इलाकों में लोगों को कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है.
मांगों के समर्थन में सफाई कर्मियों ने निकाला जुलूस
हड़ताली सफाई कर्मियों ने बुधवार को अपनी मांगों के समर्थन में नगर परिषद कार्यालय परिसर से जुलूस निकाला. जुलूस जेपी चौक, नया बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस नगर परिषद कार्यालय पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई.
सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
शहर के प्रमुख इलाकों में लगा कूड़े का अंबार
सफाई व्यवस्था ठप रहने से अस्पताल रोड, थाना रोड, नया बाजार, गौशाला रोड, मौलेश्वरी चौक, जेपी चौक, कचहरी रोड, महादेवा रोड, पुरानी किला, श्रीनगर, अयोध्यापुरी और नवलपुर समेत शहर के अधिकांश हिस्सों में कचरे का ढेर लग गया है.
बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध बढ़ गई है. कई जगहों पर लोगों को कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो रहा है.
संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
शहर में प्रतिदिन औसतन करीब 130 टन कचरा निकलता है. सात दिनों से कचरा उठाव बाधित रहने के कारण बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया है. लगातार बारिश और नमी के कारण कचरे से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द से जल्द हड़ताल समाप्त कराने और शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










