सीवान में रक्षाबंधन पर डाक विभाग का ऑफर, राखी मेल स्पीड पोस्ट पर मिलेगी 10% छूट
रेल डाक सेवा
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग एक खास ऑफर लेकर आया है. 'राखी मेल' स्पीड पोस्ट सेवा पर 10% की विशेष छूट का लाभ उठाएं. यह सुविधा 12 अगस्त से शुरू हो रही है.
सीवान: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के बंधन को मजबूत बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है. डाक विभाग ने 'राखी मेल' स्पीड पोस्ट सेवा पर 10 प्रतिशत विशेष छूट देने की घोषणा की है. यह सुविधा 12 अगस्त से प्रभावी होगी.
राखी भेजने पर स्पीड पोस्ट शुल्क में मिलेगी छूट
डाक विभाग के अनुसार, अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी जाने वाली राखियों पर निर्धारित डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. ग्राहक अपने स्पीड पोस्ट लिफाफे के सामने स्पष्ट रूप से "राखी मेल" अंकित कर रेल डाक सेवा सीवान के रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर इसे बुक करा सकते हैं.
अधिकतम पांच राखी मेल पर मिलेगा लाभ
योजना के तहत एक ग्राहक अधिकतम पांच 'राखी मेल' स्पीड पोस्ट पर विशेष छूट का लाभ ले सकता है. विभाग ने बताया कि 50 ग्राम तक के अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट का मूल शुल्क स्थानीय क्षेत्र के लिए 19 रुपये और स्थानीय क्षेत्र से बाहर भेजने पर 47 रुपये निर्धारित है.
समय पर डिलीवरी के लिए विशेष व्यवस्था
रक्षाबंधन को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों के त्वरित प्रसंस्करण, विशेष प्रेषण और प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था की है. सभी संबंधित डाक इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि 'राखी मेल' के माध्यम से भेजी गई राखियों का समयबद्ध निस्तारण और वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राखियां त्योहार से पहले सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.
अग्रिम बुकिंग की अपील
डाक विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए राखियों की बुकिंग पहले ही करा लें और 'राखी मेल' स्पीड पोस्ट सेवा पर मिलने वाली विशेष छूट का लाभ उठाएं.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











