ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को मिला एक करोड़ का बीमा

Updated:
विज्ञापन

चेक सौंपते मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी

एक दुखद हादसे में जान गंवाने वाले रेलकर्मी संतोष कुमार राय के परिवार को रेलवे ने ₹1 करोड़ का बीमा चेक सौंपा है. यह भुगतान भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे सैलरी पैकेज के तहत गोल्ड इंश्योरेंस योजना से किया गया है. इस कदम से रेलकर्मियों के परिवारों को असामयिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है.

विज्ञापन

Insurance of Rs 1 crore for railway employees: ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये का बीमा लाभ मिला है. पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार को दिवंगत रेलकर्मी संतोष कुमार राय की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा. वाराणसी स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों की मौजूदगी में चेक प्रदान किया गया.

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह भुगतान भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे सैलरी पैकेज के अंतर्गत गोल्ड इंश्योरेंस योजना के तहत किया गया है. इस योजना के तहत ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले रेलकर्मी के आश्रित को नियमानुसार बीमा लाभ दिया गया.

छपरा-थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आए थे रेलकर्मी

स्वर्गीय संतोष कुमार राय कीमैन यानी ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत थे. वह सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान छपरा-थावे सवारी गाड़ी संख्या 75103 की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे. हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था.

संतोष कुमार राय का वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की श्रीनगर, सीवान शाखा में संचालित था. इसी खाते के तहत रेलवे सैलरी पैकेज की सुविधा उन्हें प्राप्त थी.

ग्रेच्युटी और पारिवारिक पेंशन समेत अन्य लाभों का हुआ निस्तारण

रेलवे प्रशासन ने बताया कि रेलकर्मी के निधन के बाद मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश पर उनके परिवार को मिलने वाले विभिन्न देयों और लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की गयी.

इसके तहत ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण और पारिवारिक पेंशन सहित नियमानुसार देय अन्य लाभों का निस्तारण किया गया. रेलवे प्रशासन की ओर से परिवार को उपलब्ध सभी वैधानिक लाभ जल्द से जल्द दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गयी.

एसबीआई के गोल्ड इंश्योरेंस से मिला एक करोड़

इसके अलावा रेलवे और एसबीआई के बीच संचालित रेलवे सैलरी पैकेज के तहत उपलब्ध गोल्ड इंश्योरेंस सुविधा के माध्यम से दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये का बीमा भुगतान किया गया.

एक करोड़ रुपये का चेक मिलने के बाद परिवार को आर्थिक सहायता मिली है. रेलवे प्रशासन के अनुसार, रेलकर्मियों को सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाली बीमा सुविधा उनके परिवारों को असामयिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है.

रेलकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा प्राथमिकता

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी रेलकर्मी के असामयिक निधन की स्थिति में उनके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित और सुगम निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों के परिवारों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है.

एसबीआई और रेलवे के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसबीआई वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर कृष्ण मोहन पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार, कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

Also Read: जल्द नये रूप में दिखेगा सोनपुर, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और हरिहरनाथ कॉरिडोर बनेगा गेम चेंजर, मास्टर प्लान पर हुई बात


विज्ञापन
अमरनाथ शर्मा

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन