सीवान: दरौंदा के स्कूलों में सुबह 7 बजे होगा झंडोत्तोलन, स्वतंत्रता दिवस को लेकर शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां दरौंदा प्रखंड में जोरों पर हैं. शिक्षा विभाग ने स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सुबह 7 बजे झंडोत्तोलन से शुरू होकर, प्रभातफेरी, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस-2026 को लेकर दरौंदा प्रखंड में तैयारियां तेज हो गयी हैं. शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त को विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है. निर्देश के अनुसार सभी विद्यालयों में सुबह 7 बजे झंडोत्तोलन के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत होगी.
विद्यालयों में प्रभातफेरी, देशभक्ति गीत, भाषण, वाद-विवाद, नाटक, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है. इसके अलावा स्वच्छता अभियान के तहत विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
गरिमापूर्ण और अनुशासित माहौल में होगा समारोह
शिक्षा विभाग ने समारोह को गरिमापूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित करने पर जोर दिया है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है.
इधर, दरौंदा के बीईओ सौरभ सुमन ने सभी प्रधानाध्यापकों को कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, संकुल साधनसेवी, प्राचार्य और विद्यालय कर्मियों को कार्यक्रम की निगरानी एवं सफल संचालन की जिम्मेदारी दी गयी है. सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर कार्यक्रम कराने तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











