बस स्टैंड में खड़ी बस में लगी आग,जलकर खाक

शहर के ललित बस स्टैंड में बुधवार को अपराह्न लगभग एक बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब कई दिनों से खड़ी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
प्रतिनिधि, सीवान. शहर के ललित बस स्टैंड में बुधवार को अपराह्न लगभग एक बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब कई दिनों से खड़ी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सीवान अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार, जली हुई बस सीवान से दिल्ली के बीच परिचालित होती थी. बताया जा रहा है कि यह बस पिछले कई दिनों से खराब अवस्था में ललित बस स्टैंड परिसर में खड़ी थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से खड़ी रहने के कारण यह बस नशेड़ियों और स्मैक पीने वालों का अड्डा बन चुकी थी.आए दिन असामाजिक तत्व बस के अंदर घुसकर शराब और नशे का सेवन करते थे, जिससे आसपास के लोगों में आक्रोश था. घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम को रवाना किया गया और समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस और संबंधित प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और लंबे समय से खड़ी खराब बसों को हटाने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




