सीवान के नगर निकायों की राजनीति में बढ़ी हलचल, सशक्त स्थायी समिति चुनाव की तीथि घोषित

नगर परिषद, सीवान
सीवान नगर परिषद सहित आठ नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव 26 से 31 मई के बीच होगा. अप्रैल में स्थगित यह प्रक्रिया अब फिर शुरू की गई है. समिति बनने से विकास कार्यों, सफाई, जलापूर्ति और अन्य योजनाओं में तेजी आएगी. चुनाव को लेकर वार्ड पार्षदों के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है.
Siwan News: (विवेक कुमार सिंह) जिले के नगर निकायों में लंबे इंतजार के बाद सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू होने जा रही है. राज्य सरकार के निर्देश के बाद सीवान नगर परिषद सहित जिले के आठ नगर निकायों में 26 मई से 31 मई के बीच समिति के सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा. जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं.
इस बार सीवान नगर परिषद के अलावा बसंतपुर, मैरवा, बड़हरिया, गोपालपुर, हसनपुरा, आंदर और गुठनी नगर पंचायत में भी चुनाव संपन्न कराया जाएगा. सशक्त स्थायी समिति को नगर निकायों में विकास योजनाओं, बजट खर्च और प्रशासनिक निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इकाई माना जाता है, इसलिए इस चुनाव को बेहद अहम माना जा रहा है.
अप्रैल में टली थी पूरी प्रक्रिया
इससे पहले भी अप्रैल माह में चुनाव कराने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। 17 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच अलग-अलग नगर निकायों में मतदान की तिथियां भी घोषित कर दी गई थीं. इस दौरान वार्ड पार्षदों के बीच राजनीतिक जोड़-तोड़ और बैठकों का दौर भी शुरू हो गया था. लेकिन अंतिम समय में विभागीय आदेश के कारण पूरी प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी, जिससे नगर निकायों में अनिश्चितता की स्थिति बन गई थी.
सरकार का नया निर्देश
उस समय विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया था कि जिन निकायों में 15 अप्रैल तक चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां पूर्व में गठित समिति ही कार्यरत रहेगी. वहीं जिन निकायों में चुनाव नहीं हो पाया था, वहां नई तिथि की प्रतीक्षा करनी होगी. अब लगभग डेढ़ महीने बाद सरकार ने रुकी हुई चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
विकास कार्यों में आएगी तेजी
सशक्त स्थायी समिति के गठन के बाद नगर निकायों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है. सफाई व्यवस्था, सड़क-नाला निर्माण, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और वित्तीय स्वीकृतियों जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर निर्णय लेने में तेजी आएगी. वर्तमान में कई निकायों में समिति के अभाव में कई प्रस्ताव लंबित पड़े हैं.
राजनीतिक सरगर्मी तेज
चुनाव की नई तिथि घोषित होने के साथ ही नगर निकायों की राजनीति भी गर्म हो गई है. वार्ड पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद शुरू हो गई है. विशेषकर नगर परिषद सीवान में समिति गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. आने वाले दिनों में पार्षदों के बीच बैठकों और रणनीति बनाने का दौर और अधिक तेज होने की संभावना है.
Also Read: बिहार के शिक्षा मंत्री की फिसली जुबान, मीडिया के सामने खुद को बताया स्वास्थ्य मंत्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










