सीवान: बड़हरिया उप डाकघर की अतिक्रमित जमीन की होगी मापी, नए भवन निर्माण का मिला आश्वासन

पीएमजी को मांगपत्र सौंपते भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र
बड़हरिया उप डाकघर अपनी जमीन पर अतिक्रमण का शिकार है और किराये के भवन में संचालित हो रहा है. भाजपा नेता की मुलाकात के बाद पोस्टमास्टर जनरल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उम्मीद है जल्द ही डाकघर को अपना नया भवन मिलेगा.
Siwan News: बड़हरिया थाना के पीछे स्थित बड़हरिया उप डाकघर की भूमि अतिक्रमण का शिकार होने का मामला सामने आया है. अपनी जमीन होने के बावजूद उप डाकघर वर्तमान में किराये के भवन में संचालित हो रहा है.
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्र ने मुजफ्फरपुर में उत्तर बिहार के पोस्टमास्टर जनरल (PMG) पवन कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा.
चार डिसमिल जमीन पर है अतिक्रमण
अनुरंजन मिश्र ने पीएमजी को बताया कि बड़हरिया में उप डाकघर के नाम चार डिसमिल भूमि दर्ज है और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है. इसके बावजूद जमीन पर अतिक्रमण कर उसे टैक्सी स्टैंड के रूप में उपयोग किया जा रहा है.
उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने, चारदीवारी निर्माण कराने तथा उसी परिसर में उप डाकघर का नया भवन बनाने की मांग की.
भूमिदाता के नाम पर डाकघर का नामकरण करने की मांग
भाजपा नेता ने यह भी मांग की कि उप डाकघर का नामकरण भूमिदाता अवध किशोर नारायण सिन्हा के नाम पर किया जाए, ताकि उनके योगदान को सम्मान मिल सके.
PMG ने तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश
अनुरंजन मिश्र के आग्रह पर पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार सिंह ने तत्काल सीवान के डाक अधीक्षक को फोन कर भूमि की पैमाइश कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने आश्वासन दिया कि भूमिदाता के नाम पर उप डाकघर का नामकरण करने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा जाएगा. साथ ही भारत सरकार से राशि स्वीकृत होने के बाद नए डाकघर भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
जल्द मिलेगा अपना भवन : अनुरंजन मिश्र
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्र ने कहा कि पीएमजी के सकारात्मक आश्वासन के बाद उम्मीद है कि बड़हरिया उप डाकघर को जल्द ही अपना नया भवन मिलेगा और वर्षों पुरानी भूमि संबंधी समस्या का समाधान हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें: BJP का दामन थामते ही भावुक हुए मृत्युंजय तिवारी, बोले- अब यहीं जियेंगे, यहीं मरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










