Sitamarhi News: प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा को मारी गोली, हालत गंभीर
AI जेनरेटेड इमेज
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के बोखरा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई. घायल युवक ने अपने साले पर हमले का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…
सीतामढ़ी के बोखरा से केशव आनंद की रिपोर्ट
Sitamarhi News: प्रेम विवाह को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सीतामढ़ी में खूनी संघर्ष में बदल गया. बोखरा थाना क्षेत्र के बुधनगरा गांव में एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज उसके साले ने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
घर लौटते समय हुआ हमला
घायल मिथिलेश कुमार ने बताया कि उसने करीब डेढ़ साल पहले गांव की ही सुनीता कुमारी से प्रेम विवाह किया था. इस शादी को लेकर लड़की पक्ष शुरू से नाराज था और कई बार उसे धमकियां भी दी गई थीं. सोमवार रात करीब नौ बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहा था. इसी दौरान गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठा के समीप पहले से घात लगाए लोगों ने उस पर गोली चला दी.
पीठ में लगी गोली, हालत गंभीर
गोली मिथिलेश की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में भी उसने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह ईंट भट्ठा परिसर तक पहुंच गया. वहां से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
प्रेम विवाह को लेकर पुराना विवाद
परिजनों का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था. घायल युवक ने सीधे तौर पर अपनी पत्नी के भाई पर हमले का आरोप लगाया है.
पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










