Sitamarhi News: किसानों के विरोध के बीच बड़ा फैसला, सीतापुरम प्रोजेक्ट पर 22 जून को होगी अहम बैठक
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से मिलते भूमि बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारीगण व अन्य
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट को लेकर किसानों का विरोध जारी है. भूमि बचाओ संघर्ष समिति ने सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से मुलाकात की. सांसद ने 22 जून को डीएम और किसान प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त वार्ता कराने का आश्वासन दिया. पढे़ं पूरी खबर…
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के चर्चित सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच चल रहे विवाद के बीच अब 22 जून को अहम संयुक्त वार्ता होने जा रही है. इस बैठक में सांसद, जिला प्रशासन और किसान प्रतिनिधि आमने-सामने बैठकर परियोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इससे प्रभावित किसानों में नई उम्मीद जगी है.
सांसद से मिले भूमि बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य
भूमि बचाओ संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से उनके आवास पर मिला. समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री स्तर पर हस्तक्षेप कर किसानों की जमीन के अधिग्रहण और गांवों के संभावित विस्थापन को रोकने की मांग की. इस दौरान हजारों किसान-मजदूरों के हस्ताक्षर वाला आवेदन भी सांसद को सौंपा गया.
किसानों ने उठाए कई महत्वपूर्ण सवाल
समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि सीतामढ़ी की जमीन अत्यंत उपजाऊ है और यहां के किसानों व मजदूरों की आजीविका का मुख्य आधार खेती है. उनका कहना है कि लैंड पुलिंग योजना की मांग किसानों ने कभी नहीं की थी, इसलिए जिले को इस प्रयोग से बाहर रखा जाना चाहिए.
किसानों ने यह भी कहा कि जिले में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की जरूरत है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और युवाओं का पलायन कम हो. साथ ही लैंड लॉक की स्थिति को भी जल्द समाप्त करने की मांग की गई.
सांसद ने डीएम से की तत्काल बात
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने तत्काल जिला पदाधिकारी से बातचीत की. उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली से लौटने के बाद 22 जून को डीएम और किसान प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में किसानों की आपत्तियों और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी.
कई सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
सांसद से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में बैद्यनाथ हाथी, प्रो. आनंद किशोर, सुरेंद्र महतो, सतीश कुमार सिंह, शिवचंद्र यादव, खेदू महतो समेत कई किसान और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे. सभी ने एक स्वर में किसानों की जमीन और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










