सीतामढ़ी: जन समस्याओं के समाधान को लेकर बड़ा कदम, आज 32 ग्राम पंचायतों में लगेगा 'सहयोग शिविर'
प्रतीकात्मक तस्वीर
Sitamarhi News: जिले की 32 पंचायतों में आज जन समस्याओं के ऑनस्पॉट निपटारे के लिए 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है.इसके तहत बिजली, पानी, राशन और भूमि विवाद जैसी शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा. जानिए पूरी खबर…
सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट
Sitamarhi News: जिले में जन शिकायतों को सुलभ तरीके से प्राप्त करने और उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ी पहल की गई है.जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है.इसी कड़ी में आज जिले के 32 विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे, जिनकी शुरुआत सुबह 10 बजे से पंचायत सरकार भवन या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर होगी.प्रशासन ने इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को नामित कर दिया है.
इन प्रमुख पंचायतों में लगेंगे शिविर
जिले के जिन प्रमुख पंचायतों में आज यह शिविर आयोजित हो रहा है, उनमें बैरगनिया का जमुआ, बेलसंड का डुमरा नूनौरा, बोखरा का चकौती, चोरौत पश्चिमी, डुमरा का भूपभैरो व हरिछपरा, मेजरगंज का डुमरी कला, सुप्पी का बभनगामा रामनगरा शामिल हैं.इसके अलावा रुन्नीसैदपुर, बथनाहा, सोनबरसा, परिहार, सुरसंड, रीगा, परसौनी, बाजपट्टी, पुपरी और नानपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
एक छत के नीचे होगा इन समस्याओं का समाधान
सहयोग शिविर के माध्यम से आम जनता को राशन, पेंशन, पीएम आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का ऑनस्पॉट समाधान मिलेगा.इसकी अध्यक्षता डीएम, डीडीसी, एसी, एसडीओ व डीसीएलआर स्तर के बड़े अधिकारी करेंगे.
30 दिनों में निष्पादन और लापरवाही पर एक्शन
शिविर में मिलने वाली सभी शिकायतों को जन शिकायत निवारण पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा.प्रशासन ने समय सीमा तय करते हुए 30 दिनों के भीतर आवेदनों का निष्पादन कर आवेदक को लिखित सूचना देने का निर्देश दिया है.इसके साथ ही शिविर में संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग जिला स्तर से होगी.किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










