सीतामढ़ी में सड़क निर्माण कार्य रोकने पर मेला रोड में बवाल, गुस्साए लोगों ने विधान पार्षद का आवास घेरा

विधान पार्षद रेखा कुमारी के पति डॉ मनोज द्वारा सड़क निर्माण कार्य रुकवा देने का आरोप लगाकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने बवाल किया.
सीतामढ़ी. वर्षों से जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे शहर के मेला रोड वार्ड नंबर 13 में कथित रूप से विधान पार्षद रेखा कुमारी के पति डॉ मनोज द्वारा सड़क निर्माण कार्य रुकवा देने का आरोप लगाकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने बवाल किया. इस दौरान विधान पार्षद के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधान पार्षद पति द्वारा अपनी निजी स्वार्थ सिद्धि पूरी नहीं होने पर विकास कार्यों में बार-बार अड़चन डाली जाती है.
ठेकेदार से 30 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप
लोगों का कहना है कि मेला रोड की हालत लंबे समय से बद से बदतर बनी हुई है. बारिश के अलावा आम दिनों में भी सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, बावजूद इसके निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने विधान पार्षद पति पर ठेकेदार से 30 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया. हंगामे की सूचना पर बुडको के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिन्हा, उप परियोजना निदेशक जितेंद्र कुमार तथा सहायक परियोजना निदेशक शालिनी कुमारी कार्यस्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और दोनों पक्षों की बात सुनी.
—बुडको अधिकारियों की मौजूदगी में अमीन ने की मापी
बुडको अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद विधान पार्षद पति डॉ मनोज द्वारा सड़क की जमीन के मापी कराए जाने की मांग की गयी, जिसके बाद नगर निगम से अमीन बुला नापी कराये जाने के बाद निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया गया. डॉ मनोज ने कमीशन के आरोप को बेबुनियाद और निराधार बताया. कहा कि नाला निर्माण के समय ही सड़क की जमीन की मापी कराने की बात कही गई थी, लेकिन संबंधित एजेंसी द्वारा इसे नजरअंदाज कर दिया गया. नाला की ऊंचाई को छह इंच बाधा दिया गया था, जिस संबंध में कार्यरत एजेंसी को कहने के बाद उसे तोड़कर नीचे किया गया था.— क्या कहते हैं अधिकारीसड़क निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया था, जिसे मांग के बाद निगम से अमीन बुला मापी करवा पुनः प्रारंभ कर दिया गया है. इस कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जायेगा.
अशोक कुमार सिन्हा, परियोजना निदेशक, बुडको.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




