करोड़ों की लागत से बना स्वास्थ्य उपकेंद्र पहली बारिश में टपका, ग्रामीणों ने उठाए निर्माण पर सवाल

छत से रिसाव होता पानी. पानी टपकने से खराब होता फर्श
सीतामढ़ी में करोड़ों की लागत से बना नया स्वास्थ्य उपकेंद्र उद्घाटन के दो महीने में ही सवालों के घेरे में आ गया है. पहली हल्की बारिश में ही छत से पानी टपकने लगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
Sitamarhi News: बथनाहा प्रखंड के बेलाही जयराम गजहरवा गांव में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नवस्थापित स्वास्थ्य उपकेंद्र उद्घाटन के करीब दो महीने बाद ही निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है. ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, पहली ही हल्की बारिश में भवन की छत से कई जगह पानी टपकने लगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं.
बताया गया है कि 29 मई को विधायक ई. अनिल कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महिमा मोहन तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस दो मंजिला भवन का उद्घाटन किया था.
ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक पानी रिसने का दावा
स्वास्थ्य उपकेंद्र में कार्यरत एएनएम संगीता कुमारी और सीएचओ मो. नदीम ने बताया कि सामान्य बारिश में भी कई कमरों की छत से लगातार पानी टपक रहा है.
उनके अनुसार, ग्राउंड फ्लोर से लेकर प्रथम तल तक कई स्थानों पर पानी का रिसाव होने से फर्श पर पानी जमा हो जाता है. इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा भवन में काम करना असुरक्षित महसूस हो रहा है.
ग्रामीणों ने लगाए गुणवत्ता से समझौते के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया है. उनका यह भी कहना है कि भवन परिसर में अब तक संवेदक, प्राक्कलित राशि और योजना संबंधी सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं.
ग्रामीण अनिल कुमार सिंह, दिनेश सिंह, चुन्नू सिंह, रमेश कुमार, प्रमोद राम, विजय कुमार, बबलू सिंह और रंजन कुमार सहित अन्य लोगों ने निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी जताई.
जांच और मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने विधायक, सांसद और जिला पदाधिकारी से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच, दोषी पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई तथा भवन की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है.
फिलहाल निर्माण एजेंसी या संबंधित विभाग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










