जुलाई खत्म होने को, फिर भी नहीं बरसे बादल... सीतामढ़ी में धान की फसल पर मंडराने लगा संकट

Updated:
विज्ञापन
शनिवार को शहर में खिली तेज धूप. पानी के अभाव धान रोपे गए खेत में पड़ी दरारें. | Prabhat Khabar Network

शनिवार को शहर में खिली तेज धूप. पानी के अभाव धान रोपे गए खेत में पड़ी दरारें

सीतामढ़ी में जुलाई माह के अंत तक झमाझम बारिश न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. कमजोर मॉनसून के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है और खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं. जानें कब मिलेगी राहत.

विज्ञापन

Sitamarhi Weather News: जुलाई का महीना समाप्ति की ओर है, लेकिन जिले में अब तक किसानों को राहत देने वाली जोरदार बारिश नहीं हुई है. कमजोर मॉनसून के कारण धान की खेती पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है. किसान फिलहाल बोरिंग और मोटर पंप के सहारे सिंचाई कर रोपनी का काम लगभग पूरा कर चुके हैं.

अच्छी बिजली आपूर्ति से सिंचाई कार्य में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन खेतों को अब प्राकृतिक बारिश का इंतजार है.

बूंदाबांदी से नहीं बनी बात

इस बार पूरे मॉनसून सीजन में जिले के अधिकांश हिस्सों में केवल बूंदाबांदी या हल्की बारिश ही दर्ज की गई. ऐसी लगातार बारिश नहीं हुई, जिससे खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो सके.

इसी वजह से किसानों को धान की रोपनी के लिए कृत्रिम सिंचाई पर अधिक निर्भर रहना पड़ा.

खेतों में पड़ने लगी दरारें

लगातार सिंचाई के बावजूद कई खेतों में नमी तेजी से कम हो रही है. जिन खेतों में पिछले एक पखवाड़े के दौरान धान की रोपनी हुई है, वहां मिट्टी में दरारें दिखाई देने लगी हैं.

किसानों का कहना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की बढ़वार प्रभावित हो सकती है. वहीं लगातार बोरिंग और मोटर पंप चलने से कई इलाकों में भूजल स्तर गिरने की भी सूचनाएं मिल रही हैं.

धूप और उमस ने बढ़ाई मुश्किल

शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस काफी बढ़ गई.

मौसम में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ा. खेतों में काम कर रहे किसानों के लिए भी मौसम चुनौती बना रहा.

अगले 3-4 दिनों तक राहत के आसार कम

जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि फिलहाल अच्छी बारिश की संभावना नहीं दिख रही है.

उनके अनुसार, रविवार और सोमवार को भी करीब पांच-पांच घंटे धूप निकलने का अनुमान है. शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. ऐसे में किसानों को अच्छी बारिश के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है.


विज्ञापन
रतिकांत झा

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन