सात पुलिसकर्मी और एक नक्सली की मौत

Published at :16 Apr 2017 1:28 AM (IST)
विज्ञापन
सात पुलिसकर्मी और एक नक्सली की मौत

सीतामढ़ी में कैदी वैन व ट्रक की टक्कर सीतामढ़ी : सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच 77 के रून्नीसैदपुर के गायघाट पुल के पास शुक्रवार की रात 1:30 बजे हुए सड़क हादसे में एक हार्डकोर नक्सली व सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी. गिट्टी लदे ट्रक से कैदी वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक नक्सली व चार […]

विज्ञापन

सीतामढ़ी में कैदी वैन व ट्रक की टक्कर

सीतामढ़ी : सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच 77 के रून्नीसैदपुर के गायघाट पुल के पास शुक्रवार की रात 1:30 बजे हुए सड़क हादसे में एक हार्डकोर नक्सली व सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी. गिट्टी लदे ट्रक से कैदी वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक नक्सली व चार पुलिसकर्मियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं तीन पुलिसकर्मियों की मौत इलाज के दौरान एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में हो गयी. इसके अलावा सात पुलिसकर्मी व एक हार्डकोर नक्सली का गंभीर स्थिति में मुजफ्फरपुर में इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने जिले के आठ बंदियों को सुरक्षा कारणों से भागलपुर समेत अन्य जेल में भेजा था.
इनमें नक्सली सुहाग पासवान व हेमंत राम को सुरक्षा कारणों से भागलपुर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया था. दो दिन पूर्व कैदी वैन से 14 पुलिसकर्मी दोनों को लाने भागलपुर गये थे. कैदी वैन नंबर बीआर30 पी-0537 पर भागलपुर से दोनों बंदियों को लेकर पुलिस की टीम शुक्रवार को भागलपुर से सीतामढ़ी के लिए रवाना हुई थी. दोनों नक्सलियों को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लौट रहे
कैदी वाहन ने शुक्रवार की देर रात 1.30 बजे सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच 77 के गायघाट पुल के पास खड़े गिट्टी लदे ट्रक नंबर बीआर 06 जी- 8885 को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कैदी वैन के केबिन के परखच्चे उड़ गये. वहीं वाहन में सवार 14 पुलिसकर्मियों समेत 16 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
बस के चालक ने दी घटना की सूचना
कैदी वाहन के अंदर फंसे पुलिसकर्मियों पर नजर वहां से गुजर रही बस के चालक को पड़ी. इसकी सूचना चालक ने एक किमी आगे जाकर गायघाट गांव के ग्रामीणों को दी. ग्रामीणों की सूचना पर रून्नीसैदपुर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष रतन यादव, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार व मिथिलेश कुमार ने सशस्त्र बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर कैदी वाहन की स्टेयरिंग व बोनट समेत अन्य स्थानों पर फंसे मृतक व घायलों को निकालने के साथ-साथ आरक्षी केंद्र में घटना की सूचना दी.
सार्जेंट मेजर राजू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से वहां से गुजर रहे वाहनों को रोक-रोक कर घायलों व शव को एसकेएमसीएच ले जाया गया. बाद में एसपी हरि प्रसाथ एस व डीएसपी सदर कुमार वीर धीरेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे. कुछ देर पूछताछ करने के बाद एसकेएमसीएच रवाना हो गये. मृतकों में तमाम पुलिसकर्मी आरक्षी केंद्र, सीमरा में तैनात थे. घटना के बाद आरक्षी केंद्र में मातमी सन्नाटा पसर गया है.
मृतक को मिलेगा मुआवजा : डीएम
डीएम राजीव रोशन ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतकों को मुआवजा देने के अलावा अन्य सभी सरकारी सुविधाएं जल्द -से- जल्द उपलब्ध करायी जायेंगी. घायलों का समुचित इलाज भी सरकारी खर्च पर किया जायेगा. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
घायलों की सूची
1-नक्सली सब जोनल कमांडर सुहाग पासवान, मीनापुर
2-अवधेश कुमार, नालंदा
3-शिव शंकर राम, सीतामढ़ी
4-प्रमोद कुमार, पटना
5-विपिन कुमार, सहरसा
6-पवन कुमार राय, पूर्वी चंपारण
7-राजदेव राम,पूर्वी चंपारण
8- हरि किशुन राम,भोजपुर
टाइम लाइन
1.30 : गिट्टी लदे ट्रक से कैदी वाहन की टक्कर
1.40 : बस के चालक ने गायघाट के ग्रामीणों को दी सूचना
1.45 : ग्रामीणों ने रून्नीसैदपुर पुलिस को मोबाइल पर दी सूचना
1.55 : घटनास्थल पर रून्नीसैदपुर पुलिस पहुंची
1.56 : पुलिस ने आरक्षी केंद्र में घटना की सूचना दी
2.21 : आरक्षी केंद्र से सार्जेंट मेजर समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे
2.22 : शव व घायलों को एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया
भागलपुर सेंट्रल जेल से दो कैदियों को पेशी
के लिए लाया जा रहा था सीतामढ़ी
सीएम ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को चार लाख का अनुदान : सीएम नीतीश कुमार ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है. सीएम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है. उन्होंने इस दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है. सीएम ने घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की .
दो हार्डकोर नक्सली को लेकर गये थे 17 जवान
भागलपुर : एक साल पहले सीतामढ़ी जेल से लाये हार्डकोर नक्सली सुहाग पासवान और हेमंत राम की सीतामढ़ी कोर्ट में शनिवार को पेशी थी. इसको लेकर शुक्रवार को सीतामढ़ी की जिला पुलिस के 17 जवान भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा आये थे. ये जवान शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे विशेष
केंद्रीय कारा से हार्डकोर नक्सली सुहाग पासवान और हेमंत राम को लेकर एक वैन में सीतामढ़ी के लिए रवाना हुए थे. शनिवार की मॉर्निंग कोर्ट में दोनों की पेशी होनी थी. लेकिन, सीतामढ़ी से कुछ किलोमीटर पहले वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी और एक नक्सली तथा सात जवानों की मौत हो गयी. यह घटना सुबह तीन बजे के लगभग हुई. इसकी सूचना मुख्यालय के अलावा सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जेल प्रशासन को मिली. दोनों नक्सलियों को एक साल पूर्व सुरक्षा कारणों को लेकर सीतामढ़ी जेल से
भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया गया था. तब से अब तक ये नक्सली भागलपुर के इस जेल में अन्य हार्डकोर नक्सली की तरह बंद थे. हमेशा पेशी के लिए कड़ी सुरक्षा में दोनों को सीतामढ़ी कोर्ट ले जाया जाता था और पेशी के बाद भागलपुर जेल लाया जाता था.
सीतामढ़ी जिला पुलिस के जवान आते थे लेने के लिए :
सीतामढ़ी से दोनों हार्ड कोर नक्सली को पेशी के लिए ले जाने के वहां के जिला पुलिस के जवान वैन से आते थे. दोनों को सुरक्षा के बीच सीतामढ़ी ले जाते थे. हमेशा की तरह शुक्रवार को भी दोनों नक्सली को ले जाया जा रहा था.
भागलपुर के दोनों जेल में बंद हैं कई हार्डकोर नक्सली:
भागलपुर के दोनाें जेल में कई हार्डकोर नक्सली बंद हैं, जो राज्य के अन्य जेलों से भागलपुर जेल में शिफ्ट किये गये हैं. भागलपुर के शहीद जुब्बा साहनी जेल में महिला मंडल कारा में मुजफ्फरपुर से नक्सली रेणु भारती को लाया गया है जो इस कारा में बंद हैं. वहीं विशेष केंद्रीय कारा में भी आधा दर्जन के करीब हार्डकोर नक्सली बंद हैं.
शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सीतामढ़ी जिला पुलिस के लगभग 16-17 जवानों की सुरक्षा में हार्डकोर नक्सली सुहाग पासवान और हेमंत राम को वैन से सीतामढ़ी कोर्ट ले जाया गया था. दोनों को हमेशा पेशी के लिए ले जाया जाता रहा है. सुबह लगभग तीन बजे सीतामढ़ी के कुछ किलोमीटर दूर यह घटना हुई है.
आर के चौधरी, काराधीक्षक, विशेष केंद्रीय कारा
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन