Sitamarhi: पुपरी में बड़ी चोरी, 60 लाख के जेवर और नकदी गायब

घटना की जांच करती पुलिस
सीतामढ़ी के पुपरी में शिक्षक के घर हुई बड़ी चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई है. चोरों ने सिर्फ उसी कमरे को निशाना बनाया, जहां लाखों के जेवर और नकदी रखी थी. पढ़ें पूरी खबर...
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के पुपरी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 अंतर्गत सिंगियाही गांव में शुक्रवार रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के घर का ताला तोड़कर करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 30 से 40 हजार रुपये नगद चोरी कर लिया. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
घर में नहीं था कोई सदस्य
गृहस्वामी अशरफ खान मंसूरी रुन्नीसैदपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बघारी में शिक्षक हैं. उनके चाचा और पूर्व मुखिया मो. अब्दुल जब्बार ने बताया कि परिवार फिलहाल बच्चों की पढ़ाई के कारण पुपरी के डीएवी रोड स्थित किराये के मकान में रहता है.
शुक्रवार रात करीब 10 बजे अशरफ घर में ताला लगाकर परिवार के पास पुपरी चले गए थे. शनिवार सुबह बच्चों ने घर का मेन गेट और कमरों का ताला टूटा होने की जानकारी दी.
सिर्फ उसी कमरे को बनाया निशाना
अशरफ जब घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर के चार कमरों में से केवल उसी कमरे का ताला तोड़ा गया, जहां जेवरात और नकदी रखी हुई थी. बाकी तीन कमरों को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया.
इस वजह से पुलिस को आशंका है कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे घर की पूरी जानकारी थी.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है. साथ ही फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जाएगी.
पीड़ित शिक्षक अशरफ खान मंसूरी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य वारदातें बढ़ती जा रही हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है.
सीतामढ़ी पुपरी से बैधनाथ ठाकुर का रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










