बिहार से दिल्ली सफर हुआ आसान, आनंद विहार स्पेशल का समय बदला, 13 से 17 मई तक कई ट्रेनें रद्द

कई ट्रेनें रद्द (सांकेतिक फोटो)
Bihar Train News: बिहार के सीतामढ़ी, सहरसा और पूर्णिया के यात्रियों के लिए दिल्ली सफर अब तेज होने वाला है. आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों की नई समय सारणी जारी हुई है. 13 से 17 मई तक किशनगंज रेलखंड में तकनीकी कार्य के कारण कई ट्रेनें रद्द और प्रभावित रहेंगी.
Bihar Train News: पूर्व मध्य रेल ने सीतामढ़ी, सहरसा और पूर्णिया के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी में बदलाव किया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब दिल्ली जाने वाले यात्रियों का सफर पहले से कम समय में पूरा होगा. पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन के सफर में करीब ढाई घंटे की बचत होगी, जबकि सहरसा से चलने वाली स्पेशल ट्रेन से यात्रियों का लगभग एक घंटा समय बचेगा. रेलवे का कहना है कि इस बदलाव का मकसद बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों के यात्रियों को तेज और बेहतर सुविधा देना है.
पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल अब नए समय पर
गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल 15 मई 2026 से हर शुक्रवार और रविवार को पूर्णिया कोर्ट से शाम 7 बजे खुलेगी. यह ट्रेन बनमनखी, मुरलीगंज, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी जंक्शन, बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा होते हुए तीसरे दिन सुबह 1:05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 17 मई से हर रविवार और मंगलवार को चलेगी और संशोधित समय के अनुसार पूर्णिया कोर्ट सुबह 11:30 बजे पहुंचेगी.
गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल 19 मई 2026 से प्रत्येक मंगलवार को रात 8 बजे सहरसा से रवाना होगी. यह ट्रेन सीतामढ़ी सहित कई अहम स्टेशनों पर रुकते हुए आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल 21 मई से हर गुरुवार को चलेगी और सुबह 9:05 बजे सहरसा पहुंचेगी.
सीतामढ़ी जिले के यात्रियों के लिए नया समय
आनंद विहार जाने वाली अप स्पेशल ट्रेनों के लिए जनकपुर रोड स्टेशन पर रात 1:20 बजे और सीतामढ़ी जंक्शन पर रात 2 बजे ट्रेन पहुंचेगी. बैरगनिया स्टेशन पर इसका समय रात 2:35 बजे तय किया गया है. आनंद विहार से लौटने वाली डाउन स्पेशल में बैरगनिया पर रात 2:02 बजे, सीतामढ़ी जंक्शन पर रात 2:40 बजे और जनकपुर रोड पर रात 3:17 बजे आगमन होगा.
13 से 17 मई तक सीमांचल रूट पर बढ़ेगी परेशानी
जहां एक तरफ दिल्ली रूट के यात्रियों को राहत मिली है, वहीं कटिहार रेल मंडल के पंजीपाड़ा, किशनगंज, हटवार, कानकी और सूरजकमल सेक्शन में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम शुरू करने के लिए 13 मई से 17 मई 2026 तक बड़े पैमाने पर रेलवे कार्य होगा. इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द, विलंबित और नियंत्रित किया गया है.
रेलवे के अनुसार राधिकापुर-सिलीगुड़ी इंटरसिटी, सिलीगुड़ी-कटिहार डीएमयू, सिलीगुड़ी-मालदा कोर्ट डीएमयू और बलुरघाट-सिलीगुड़ी इंटरसिटी जैसी कई ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी. जोगबनी-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस और मालदा टाउन-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस पर भी असर पड़ेगा.
वंदे भारत समेत कई ट्रेनों का समय बदला
सरायघाट एक्सप्रेस, तीस्ता तोर्सा एक्सप्रेस, एलटीटी-गुवाहाटी एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस जैसी कई बड़ी ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है. कुछ ट्रेनों को कई घंटे देरी से चलाया जाएगा.
कटिहार, किशनगंज, ठाकुरगंज, सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में रोज सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है. खासकर डीएमयू सेवाओं पर बड़ा असर रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










