दो कर्मी समेत छह को भेजा जेल
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :03 Mar 2017 5:36 AM (IST)
विज्ञापन

शिकंजा. समृद्ध जीवन व महुआ डेयरी के कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई सीतामढ़ी : मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से निबंधन कर गलत तरीके से लोगों का धन संचय कराने के मामले में डीएम-एसपी के आदेश पर ननबैंकिंग कंपनियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत बुधवार को गिरफ्तार किये गये छह लोगों को पुलिस ने गुरुवार को […]
विज्ञापन
शिकंजा. समृद्ध जीवन व महुआ डेयरी के कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
सीतामढ़ी : मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से निबंधन कर गलत तरीके से लोगों का धन संचय कराने के मामले में डीएम-एसपी के आदेश पर ननबैंकिंग कंपनियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत बुधवार को गिरफ्तार किये गये छह लोगों को पुलिस ने गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वहीं मामले को लेकर नगर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें महुआ डेयरी बैंक के हेड व जोनल मैनेजर समेत पांच तथा समृद्ध जीवन के शाखा प्रबंधक व समन्वयक समेत छह को आरोपी बनाया गया है.
चार नन बैंकिंग संस्थान सील: सीतामढ़ी. ननबैंकिंग कंपनियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस -प्रशासन की टीम ने तीन दिन के भीतर चार नन बैंकिंग कार्यालय को सील करते हुए 12 लोगों को जेल भेज दिया है. गुरुवार को जहां छह लोग जेल भेजे गये है, वहीं मंगलवार को गिरफ्तार छह लोगों को बुधवार को जेल भेजा गया था. पुलिस प्रशासन के इस अभियान से इलाके में हड़कंप मच गया है.
गुरुवार को हालांकि किसी ननबैंकिंग संस्थान में छापेमारी नहीं हुई, लेकिन छापेमारी के डर से अधिकांश कार्यालय में ताले लटके रहे. जबकि कई संचालकों व कर्मियों ने कंपनी का बोर्ड उतार लिया हैं.
मोबाइल, लैपटाप व कागजात जब्त: सीतामढ़ी . छापेमारी के दौरान पुलिस ने कंप्यूटर, लैपटाप, मोबाइल व महत्वपूर्ण कागजात जब्त किये है. जिनमें पासबुक, कांड, आवेदन पत्र व कंपनी के नाम जारी पत्र शामिल है.
हैरत की बात यह कि स्टेशन रोड शिवहर छावनी स्थित महुआ डेयरी बैंक कार्यालय से पुलिस ने लक्की ड्रा से संबंधित 17 बंडल जब्त किया है. बैंकिंग कार्यालय में लक्की ड्रा कूपन बरामदगी के मामले में कैशियर द्वारा माकूल जवाब नहीं दिया गया. पुलिस को शक है कि बैंकिंग की आड़ में उक्त बैंकिंग संस्थान द्वारा लाॅटरी का धंधा भी चलाया जा रहा था.
नाम बदल कर जमा लेने का खुलासा:सीतामढ़ी . वरीय उप समाहर्ता निवेदिता के नेतृत्व में डीएसपी सदर कुमार वीर धीरेंद्र, नगर इंस्पेक्टर मुकेश चंद्र कुंवर व मेहसौल ओपी प्रभारी औरंगजेब आलम द्वारा जारी छापेमारी के दौरान पुलिस-प्रशासन की टीम ने ननबैंकिंग संस्थानों से जो कागजात जब्त किया है, उससे प्रशासनिक टीम के होश उड़ गये है. शहर के डुमरा रोड मेहसौल चौक स्थित समृद्ध जीवन नामक नन बैंकिंग संस्थान के पास फूड प्रोडक्ट के मार्केटिंग का कागजात है. जिसकी आड़ में बैंकिंग का अवैध धंधा चलाया जा रहा था. पुलिस ने यहां से समृद्ध जीवन फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड व समृद्ध जीवन मल्टी स्टेट मल्टी परपस को ऑपरेटिव सोसाइटी के नाम के अलग-अलग कागजात जब्त किये है.
इसी तरह महुआ डेयरी के कार्यालय से महुआ डेयरी को-ऑपरेटिव बैंक, महुआ ज्वाइंट लियाबलिटी ग्रुप आऊफ डेलपमेंट को -ऑपरेटिव सोसायटी व जयश्री टी एंड सी सेल्फ सपोर्ट को-ऑपरेटिव के कागजात जब्त किये गये है.
एक ही कंपनी द्वारा अलग-अलग नाम पर लोगों से रुपये जमा कराने के पीछे उक्त संस्थानों की मंशा स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस भी इस बिंदु पर जांच में लग गयी है.
ये हैं आरोपित
पुलिस ने गुरुवार को नगर थाना के लोहियानगर भवदेपुर निवासी सह महुआ डेयरी बैंक की कैशियर अर्चना कुमारी व अनुसेवी कमलेश कुमार के अलावा डुमरा रोड मेहसौल चौक स्थित समृद्ध जीवन नामक ननबैंकिंग कार्यालय के मेंबर हेड रून्नीसैदपुर थाना के खोपी निवासी मणिकांत कुमार, छपरा जिले के बनियापुर थाना के मझवलिया निवासी राजन कुमार, डाटा इंट्री ऑपरेटर सह वैशाली जिले के भगवानपुर थाना के बिठौली निवासी कन्हैया कुमार व रून्नीसैदपुर थाना के गायघट निवासी संजीव कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले को लेकर नगर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज की गयी है, पहली प्राथमिकी में जेल भेजी गयी महुआ डेयरी बैंक की कैशियर अर्चना कुमारी व अनुसेवी कमलेश कुमार के अलावा बैंक के हेड आशुतोष कुमार मंगलम, जोनल मैनेजर राम बाबू भंडारी व शाखा प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय को आरोपित किया गया है. जबकि दूसरी प्राथमिकी समृद्ध जीवन बैंक के खिलाफ दर्ज की गयी है, जिसमें जेल भेजे गये चारों के अलावा शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार झा व समन्वयक अभिषेक मिश्रा को आरोपित किया गया है.
जिले में नन बैंकिंग संस्थानों के खिलाफ जारी प्रशासनिक कार्रवाई से हड़कंप
तीन दिनों में समृद्ध जीवन, अमृत संचय बैंक व महुआ डेयरी बैंक की दो शाखाओं समेत चार नन बैंकिंग कार्यालय हुए है सील
अब तक एक दर्जन लोगों को किया गया गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










