एक माह से नल-जल ठप, पानी के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण, शेखपुरा-शाहपुर मुख्य पथ किया जाम
जखौरा गांव के समीप जाम के दौरान ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा के जेखौर गांव में एक महीने से नल-जल सेवा ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन ने मरम्मत का कार्य शुरू करवाया।
Sheikhpura News : अरियरी प्रखंड की सनैया पंचायत के जेखौर गांव में करीब एक माह से नल-जल सेवा ठप रहने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है. समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को शेखपुरा-शाहपुर मुख्य पथ को गांव के समीप जाम कर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इस दौरान बोल बम के लिए जा रहे कांवड़ियों और अन्य राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने बतायी समस्या
सड़क जाम की सूचना मिलते ही अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल समस्या को जायज बताते हुए कहा कि जब तक नल-जल योजना की समस्या का समाधान नहीं होता, वे ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे. हालांकि कांवड़ियों और अन्य राहगीरों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने ग्रामीणों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील की. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया.
पीएचईडी की टीम ने शुरू कराया मरम्मत कार्य
जाम हटने के बाद थानाध्यक्ष ने पीएचईडी के कनीय अभियंता राहुल कुमार को मौके पर बुलाया. इसके बाद नल-जल योजना की खराबी की जांच कर मरम्मत का काम शुरू कराया गया. मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. फिलहाल मुख्य पथ पर यातायात सामान्य हो गया है.
सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभात कुमार पांडेय, सरपंच रानी देवी, उपसरपंच रामदास, पूर्व वार्ड सदस्य पहलाद पासवान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने नल-जल सेवा जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि गांव में लंबे समय से जारी पेयजल संकट दूर हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Pradeep Kumar
प्रदीप कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. धोरैया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










