शिवहर में सिपाही भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 3252 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 15 Jun 2026 10:55 AM
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
शिवहर जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर रविवार को सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. कुल 6624 अभ्यर्थियों में 3372 ने परीक्षा दी, जबकि 3252 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. पढ़ें पूरी खबर...
Sheohar News: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
6624 अभ्यर्थियों में 3372 हुए शामिल
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 6624 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था. इनमें 3372 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 3252 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए. अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या कुल परीक्षार्थियों के लगभग आधे के बराबर रही.
डीएम और एसपी के निर्देशन में रही कड़ी निगरानी
डीएम प्रतिभा रानी एवं एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई. प्रशासन की सतर्कता के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त रही.
विभिन्न केंद्रों पर इतनी रही उपस्थिति
जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि शिवहर श्रीनवाब उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर प्रथम पाली में 357 और द्वितीय पाली में 344 परीक्षार्थी उपस्थित रहे. सुंदरपुर खरौना स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय केंद्र पर प्रथम पाली में 253 तथा द्वितीय पाली में 138 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी.
डुमरी कटसरी के नयागांव उच्च विद्यालय में प्रथम पाली में 288 और द्वितीय पाली में 314 परीक्षार्थी शामिल हुए. वहीं प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवहर में प्रथम पाली में 300 तथा द्वितीय पाली में 283 अभ्यर्थी उपस्थित रहे.
पिपराही स्थित जियालाल कलावती अंबा कला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रथम पाली में 307 और द्वितीय पाली में 300 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. जबकि कुशहर स्थित श्रीराम खेलावन जंगी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रथम पाली में 185 तथा द्वितीय पाली में 303 अभ्यर्थी उपस्थित रहे.
शांतिपूर्ण परीक्षा के बाद प्रशासन ने ली राहत की सांस
परीक्षा समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली. अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों से शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है और कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना नहीं मिली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










