तृणमूल संकट: सायनी और मिताली ने कहा- वेट एंड वॉच, कीर्ति आजाद बोले, 'हम साथ हैं'

Published by : Ashish Jha Updated At : 15 Jun 2026 8:12 AM

विज्ञापन

सायानी घोष और कीर्ति आजाद

TMC Crisis: राज्य की सत्ता से बेदखल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस में लगातार टूट जारी है. कई विधायक और सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं. पार्टी का भी मानना है कि फिलहाल लोकसभा में तृणमूल के आठ सांसद ही ममता बनर्जी के साथ हैं.

विज्ञापन

कोलकाता से गोपाल की रिपोर्ट

TMC Crisis: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बागी सांसदों की अहम बैठक पर पूछे जाने पर पार्टी सांसद सायनी घोष ने कहा कि वह फिलहाल कुछ नहीं कहेंगी. जो भी कहना होगा, अपने लोकसभा क्षेत्र की जनता से कहूंगी. इसके बाद उन्होंने कहा कि वेट एंड वॉच. सायनी भी रविवार को दिल्ली पहुंची हैं. जब सांसद मिताली बाग से बातचीत की गयी, तो उन्होंने बेहद संतुलित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ कहना उचित नहीं होगा, लेकिन आने वाले दिनों में सारी तस्वीर साफ हो जायेगी. दोनों सांसदों के नपे-तुले बयान इस बात का संकेत दे रहे हैं कि पार्टी के अंदर उथल-पुथल अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है.

दीदी का साथ नहीं छोड़ेंगे कीर्ति आजाद

ऐसे राजनीतिक संकट के बीच तृणमूल सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने स्पष्ट किया है कि वह ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी भी परिस्थिति में उनका साथ नहीं छोड़ेंगे. प्रभात खबर से बातचीत में कीर्ति आजाद ने कहा कि उनका और ममता बनर्जी का रिश्ता बहुत पुराना है. उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 से ममता बनर्जी उन्हें भाई फोटा (भाई दूज) देती आ रही हैं. उन्होंने कहा : दीदी ने मुझे सम्मान दिया, सांसद बनाकर लोकसभा भेजा. ऐसे संकट के समय मैं उन्हें कैसे छोड़ सकता हूं?

भाजपा पर लगाया ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप

कीर्ति आजाद ने पार्टी छोड़ने वाले विधायकों और सांसदों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा : जिनके मन में चोर था और जिन्हें जाना था, वे चले गये. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अवसर देखकर पार्टी छोड़ रहे हैं. तृणमूल सांसद ने भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले विधायकों और सांसदों की खरीद-फरोख्त छिपकर होती थी, लेकिन अब यह खुलेआम हो रही है. उन्होंने दावा किया कि लोगों को इडी और सीबीआइ का भय दिखाकर दल बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

‘आठ सांसद अब भी ममता के साथ’

कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि उन्हें भी तृणमूल से अलग करने के लिए दबाव डाला गया, लेकिन उन्होंने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा. उन्होंने कहा कि वह अब भी ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने दावा किया कि फिलहाल लोकसभा में तृणमूल के आठ सांसद ममता बनर्जी के साथ हैं. कीर्ति आजाद ने कहा : हमारा संघर्ष जारी रहेगा. हमें पूरा भरोसा है कि राज्य की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस की वापसी होगी.

Also Read: ममता बनर्जी के सामने ही भिड़ गये कुणाल घोष और अभिषेक बनर्जी, सड़क तक पहुंचा शोर

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola