रोहतास: जखनी पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, इलाज के दौरान शिक्षक की मौत

Updated:
विज्ञापन

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर जुटी लोगों की भीड़

जखनी पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक शिक्षक की दुखद मौत हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान चली गई. इस घटना से परिजनों और विद्यालय में शोक की लहर है.

विज्ञापन

Sasaram Road Accident: नोखा थाना क्षेत्र के जखनी पुल के समीप आरा-सासाराम मुख्य पथ पर मंगलवार को दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नोखा पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सासाराम सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई.

मृतक की पहचान बघेल थाना क्षेत्र के महुअरी गांव निवासी ललन प्रसाद सिंह के करीब 45 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजन आनन-फानन में सासाराम सदर अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतक के परिजन पूर्व शिक्षक श्याम बिहारी सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं. पुत्र अविनाश की उम्र करीब 14 वर्ष और पुत्री पम्मी की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है. हादसे के बाद परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

बच्चों को पढ़ाकर लौट रहे थे मुकेश, रास्ते में हो गया हादसा

मृतक मुकेश कुमार जखनी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. मंगलवार को विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के बाद करीब चार बजे बाइक से नोखा स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जखनी पुल के समीप आरा-सासाराम मुख्य पथ पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. शिक्षक मुकेश कुमार की मौत की खबर से विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में भी शोक की लहर है.

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

दुर्घटना के कारण आरा-सासाराम मुख्य पथ पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन