रोहतास के माँ तुतला भवानी धाम में अब हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे पर्यटक, हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव, पार्क-धर्मशाला समेत बढ़ेंगी सुविधाएं
फोटो-मां तुतला भवानी वाटर फॉल का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
रोहतास के प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में पर्यटकों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा और हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया है।
Rohtas News : रोहतास जिले के प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की कवायद तेज हो गई है. पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने तथा हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया है. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने 13 अगस्त को बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के सचिव को पत्र भेजकर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है.
मुंडेश्वरी की तर्ज पर तुतला भवानी में शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
जिला प्रशासन की ओर से भेजे गये पत्र में राज्य महोत्सव संघ, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के पत्र का भी हवाला दिया गया है. इसमें कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी धाम की तर्ज पर तुतला भवानी धाम में भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की मांग की गयी है. इसके लिए धाम परिसर के आसपास हेलीपैड विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है. हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से दूर-दराज के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को यहां पहुंचने में सुविधा मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
झरना और प्राकृतिक खूबसूरती बने हैं तुतला भवानी की पहचान
तिलौथू स्थित मां तुतला भवानी धाम रोहतास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है. पहाड़ की तराई में स्थित मंदिर के समीप वर्षभर पहाड़ से गिरने वाला प्राकृतिक झरना पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है. धार्मिक आस्था के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता भी लोगों को अपनी ओर खींचती है. जिला प्रशासन का मानना है कि बेहतर सुविधाएं विकसित होने के बाद यह क्षेत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना सकता है.
पार्क, धर्मशाला और गेस्ट हाउस बनाने की भी मांग
तुतला भवानी धाम में केवल हेलीकॉप्टर सेवा ही नहीं, बल्कि पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं के विस्तार की भी योजना है. यहां पार्क, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की गयी है. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए थाना स्थापित करने की जरूरत भी बतायी गयी है. जिला प्रशासन की ओर से पूर्व में पर्यटन विभाग को पर्यटन गेस्ट हाउस, धर्मशाला और दो हाई मास्ट लाइट लगाने से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जा चुका है.
तुतला भवानी-रेड़िया-तिलौथू क्षेत्र को पर्यटन हब बनाने की तैयारी
जिला प्रशासन ने पर्यटन विभाग से इन सभी प्रस्तावों पर जल्द आगे की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. सुविधाओं का विस्तार होने से तुतला भवानी धाम के साथ रेड़िया और तिलौथू क्षेत्र में भी पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है. हेलीकॉप्टर सेवा, हेलीपैड, ठहरने की बेहतर व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









