रोहतास के बक्स बाबा मंदिरों में उमड़ी भीड़, नागपंचमी को लेकर मंदिरों के आसपास मेले का भी आयोजन
1 - गोड़ारी बक्स बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं को उमड़ी भीड़ 2- बक्स बाबा पर दूध लावा चढ़ाते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
नाग पंचमी के अवसर पर काराकाट के बक्स बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा की। मेले का आनंद लिया, लेकिन चोरों ने महिलाओं के सोने के चैन उड़ाए।
Rohtas News : नागपंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को काराकाट प्रखंड क्षेत्र के गोड़ारी बक्स बाबा मंदिर और बक्स बाबा मंदिर चिल्हा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने घरों में नागदेवता की पूजा-अर्चना की. सुबह से ही हाथों में पूजा की थाली लेकर श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे, जो सिलसिला दिनभर जारी रहा. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि, परिवार की मंगलकामना और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. महिलाओं और युवतियों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही.
बक्स बाबा के दरबार में लगा आस्था का मेला
नागपंचमी को लेकर मंदिरों के आसपास मेले का भी आयोजन किया गया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद उठाया. बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह रहा. खिलौने, खान-पान और अन्य सामान की दुकानों पर भीड़ लगी रही. गोड़ारी खेल स्टेडियम में लगे झूले और चरखे का बच्चों ने जमकर आनंद उठाया. मंदिर और मेला परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही.
तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब
नागपंचमी के साथ सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर भी पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा. अहले सुबह से विभिन्न शिवालयों में कांवरियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ पहुंची. हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उड़ायी सोने की चेन
गोड़ारी स्थित बक्स बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कई महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ा ली. मंदिर समिति के अनुसार करीब छह महिला श्रद्धालुओं की सोने की चेन चोरी होने की जानकारी सामने आयी है. इनमें बुजुर्ग राधिका देवी भी शामिल हैं.
CCTV में संदिग्धों की तलाश, महिला गिरोह की आशंका
मंदिर परिसर में चोरी की घटनाओं पर नजर रखने के लिए बक्स बाबा कमेटी की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. कमेटी के सदस्य भी फुटेज खंगालकर चोरों को चिन्हित करने का प्रयास कर रहे हैं. स्थानीय स्तर पर सोने की चेन चोरी में महिला गिरोह के शामिल होने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









