रोहतास: सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ताधाम में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, कल शाम से ही लगी है लंबी कतार
गुप्ताधाम में श्रद्धालुओं की भीड़
सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ताधाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया. लाखों की भीड़ के बावजूद पुलिस और वन विभाग ने सराहनीय व्यवस्था बनाए रखी.
Guptadham Sawan Somwari: सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ताधाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हाथ में गंगाजल, कंधे पर कांवर और जुबान पर बोल बम का नारा लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. रविवार शाम 4 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही. गुप्ताधाम कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार ने बताया कि सोमवार सुबह 5 बजे तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर चुके थे. वहीं, उस समय भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु गुप्ताधाम परिसर और आसपास के मार्गों में मौजूद थे.
रातभर लगी रही श्रद्धालुओं की कतार
तीसरी सोमवारी को लेकर गुप्ताधाम जाने वाले रास्तों पर रातभर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही. कैमूर पहाड़ी की कठिन चढ़ाई के बावजूद भक्तों के कदम नहीं रुके. कोई कांवर लेकर पहुंचा तो कोई परिवार के साथ बाबा के दरबार में आया. जैसे-जैसे श्रद्धालु गुफा के करीब पहुंचते, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा पहाड़ी क्षेत्र गूंज उठता. तीसरी सोमवारी पर सुबह 8 बजे तक जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा. बता दें कि गुप्ताधाम की प्राकृतिक गुफा में बाबा गुप्तेश्वरनाथ का पवित्र शिवलिंग विराजमान है. सावन के दौरान बिहार सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं.
40 घंटे तक लगातार ड्यूटी, भीड़ के बीच नहीं डिगा हौसला
सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ताधाम में उमड़ी भारी भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखना पुलिस, वन विभाग और गुप्ताधाम कमेटी के लिए बड़ी चुनौती रही. लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद कर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा. रात-दिन ड्यूटी में तैनात जवान श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखते हुए भीड़ को नियंत्रित करते रहे. चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे.
पहाड़ी मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कर्मियों ने लगातार उनका मार्गदर्शन किया. लंबे समय तक ड्यूटी के बावजूद कर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी. ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और कतार में आगे बढ़ने की अपील करते रहे. पुलिस की ओर से बोल बम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं को क्रमवार गुफा में प्रवेश कराया गया. वन विभाग के कर्मियों ने भी पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
श्रद्धालुओं ने पुलिस और वन विभाग को दिया साधुवाद
भीड़ के बावजूद व्यवस्थित तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराने पर कांवरियों और श्रद्धालुओं ने स्थानीय पुलिस, वन विभाग तथा गुप्ताधाम कमेटी के सदस्यों को साधुवाद दिया. श्रद्धालुओं ने कहा कि लाखों की भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार खड़े रहकर लोगों को नियंत्रित करते रहे. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी कतार में आगे बढ़ाने में पुलिसकर्मियों ने सहयोग किया. पहाड़ से लेकर गुफा तक हर तरफ आस्था, भक्ति और बोल बम के जयघोष का नजारा देखने को मिला.
तस्वीरों में देखें श्रद्धालुओं की भीड़







प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









