गुप्ता धाम की गुफा में भीड़ के बीच बिगड़ी श्रद्धालुओं की तबीयत, आधा दर्जन से अधिक को दिया गया ऑक्सीजन
गुप्ता धाम में भीड़ के बीच बिगड़ी श्रद्धालुओं की तबीयत
गुप्ता धाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ उमड़ी. अत्यधिक भीड़ और गुफा के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण कई श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े. सेवा दल ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन दी.
Gupta dham oxygen shortage: सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ता धाम में बाबा गुप्तेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच गुफा के अंदर कई श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. अत्यधिक भीड़ और गुफा के अंदर ऑक्सीजन की कमी महसूस होने के कारण कई श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े. स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद सेवा दल और कमेटी के सदस्यों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया.
आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को दिया गया ऑक्सीजन
इस दौरान कैमूर जिले के करमचट (सबार) थाना क्षेत्र के पांडेपुर निवासी स्वर्गीय दिनेश बिंद की पुत्री शितल कुमारी, बिक्रमगंज अमित कुमार की पत्नी अंजली कुमारी, उर्मिला देवी, रानी देवी, प्रियंका कुमारी, दरभंगा के रंजीत सिन्हा सहित आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन दिया गया. इसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ. श्रद्धालुओं के बेहोश होने की सूचना से गुफा के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सेवा में लगे कर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए बीमार श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध कराया.

भीड़ के दबाव में महसूस हुई परेशानी
गुफा में पहले से लगाए गए ऑक्सीजन गैस की व्यवस्था के बावजूद भीड़ के दबाव में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा. गुप्ता धाम कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि गुफा के अंदर ऑक्सीजन गैस की कोई कमी नहीं है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गुफा के अंदर भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन गैस छोड़ी जा रही है. उन्होंने बताया कि पातालगंगा की ओर से पानी आने तथा एक साथ अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के गुफा में प्रवेश करने के कारण ऑक्सीजन की समस्या महसूस हुई.

श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे कमेटी सदस्य
कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से गुफा से बाहर निकालने के लिए कमेटी के सदस्य लगातार सक्रिय रहे. तीसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण गुप्ता धाम में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









