नाग पंचमी पर रोहतास के हर बक्श बाबा मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़, दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़े रहे श्रद्धालु
अर्जुन बिगहा में नागपंचमी के अवसर पर लोगों को संबोधित करते विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह | Prabhat Khabar Network
नाग पंचमी के अवसर पर अर्जुन बिगहा के हर बक्श बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहाँ पूजा, मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
Rohtas News : नाग पंचमी के अवसर पर मंगलवार को अर्जुन बिगहा स्थित सोन तट के पास हर बक्श बाबा (नाग देवता) मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही दूर-दराज के गांवों से भक्त मंदिर पहुंचने लगे. नाग देवता के दर्शन और दूध-लावा चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा. पूजा समिति के सदस्य श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश करा रहे थे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गयी थी.
नाग देवता के दर्शन से विष का प्रभाव खत्म होने की मान्यता
स्थानीय लोगों के बीच मान्यता है कि जहरीले जीव-जंतुओं के काटने से शरीर में फैला विष हर बक्श बाबा के मंदिर में आने मात्र से नष्ट हो जाता है. इसी आस्था के कारण दूर-दराज से लोग झाड़-फूंक कराने के लिए भी यहां पहुंचते हैं. पूजा समिति के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने बताया कि नाग पंचमी के दिन अर्जुन बिगहा गांव में मीठा भोजन बनाने की परंपरा है. इस दिन नमक का सेवन नहीं किया जाता. आसपास के कई गांवों में भी लोग इसी परंपरा के अनुसार मीठा भोजन बनाते हैं.
हर बक्श बाबा के दरबार में लगा मेला, हजारों लोग पहुंचे
नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया. क्षेत्र के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु हर बक्श बाबा के दर्शन-पूजन के बाद मेले में पहुंचे. खान-पान की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही. वहीं, बच्चे और युवा झूला व चरखा का आनंद लेते नजर आये. पूरे परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही.
लोकगीतों ने बांधा भक्तिमय समां, कलाकारों ने किया मनोरंजन
मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीत कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया. गायिका खुशबू सिंह और पूजाश्री तथा गायक आर्यन सिंह और गोविंद राय ने भक्ति गीत प्रस्तुत किये. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आये और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
मंदिर परिसर में बनेगा शेड वाला बड़ा चबूतरा
नाग पंचमी के अवसर पर अर्जुन बिगहा पहुंचे स्थानीय विधायक सोनू सिंह ने मंदिर परिसर में शेड सहित बड़े चबूतरे का निर्माण कराने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में अपने निजी मद से एक बड़ी सोलर लाइट भी लगायी जायेगी. गांव की खराब सड़क के निर्माण के लिए योजना भेजे जाने की जानकारी देते हुए विधायक ने कहा कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. उन्होंने नाग पंचमी पर भव्य आयोजन के लिए गांव और पूजा समिति के सदस्यों को धन्यवाद दिया.
मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष शिव कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रविंद्र सिंह, सचिव प्रेमचंद्र सिंह, अजीत कुमार सिंह, सतेंद्र कुमार सिंह, समाजसेवी सुभाष कुमार सिंह उर्फ मिट्ठू सिंह, मंटू पाल, गोलू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









