रोहतास में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, मौके पर मौत, पांच वर्षीय नातिन घायल; तीन घंटे रहा सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम किये ग्रामीणों को समझाते बुझाते थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

नासरीगंज-दाऊदनगर मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे तक सड़क जाम किया।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के नासरीगंज थाना क्षेत्र के नासरीगंज-दाऊदनगर मोड़ पर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि साइकिल पर बैठी करीब पांच वर्षीय नातिन घायल हो गयी. घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. मृतक की पहचान बरडीहा गांव निवासी करीब 55 वर्षीय श्रीराम प्रजापति के रूप में हुई है.

नातिन को झाड़-फूंक कराकर लौट रहे थे घर

परिजनों के अनुसार, श्रीराम प्रजापति अपनी नातिन को झाड़-फूंक कराने के बाद जीना गांव से साइकिल से बरडीहा स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नासरीगंज-दाऊदनगर मोड़ के समीप पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक श्रीराम के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं साइकिल पर बैठी नातिन घायल हो गयी. घायल बच्ची को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

मुआवजे और गोलंबर की मांग को लेकर तीन घंटे सड़क जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक नासरीगंज-दाऊदनगर मार्ग जाम कर दिया. ग्रामीण मृतक के परिजन को मुआवजा देने, दुर्घटना वाले मोड़ पर गोलंबर बनाने, ट्रक चालक को गिरफ्तार करने और ट्रक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

अधिकारियों ने समझाकर हटवाया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, बीडीओ मोहम्मद नौशाद आलम सिद्दीकी, अपर थानाध्यक्ष नितेश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे. मुखिया टिंकू सिंह, अंशु उपाध्याय, पंकज उपाध्याय, बीडीसी नागेंद्र गुप्ता, गुड्डू उपाध्याय और पूर्व बीडीसी राजकुमार समेत अन्य लोगों ने भी ग्रामीणों को समझाया. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका.

सीसीटीवी से फरार ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर दुर्घटना में शामिल ट्रक का पता लगाने में जुटी है.

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

श्रीराम प्रजापति की मौत की खबर मिलते ही बरडीहा गांव स्थित उनके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं. इनमें एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है.

सड़क जाम किये ग्रामीणों को समझाते बुझाते थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम किये ग्रामीणों को समझाते बुझाते थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन
राहुल कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन