रोहतास के नोखा में जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण,सहायक निदेशक और डीएसओ ने जांची प्रपत्रों की शुद्धता
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 28 May 2026 4:53 PM
औचक निरक्षण के दौरान अधिकारी
SASARAM NEWS: रोहतास जिले के नोखा प्रखंड में चल रहे भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) का निरीक्षण करने जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक राकेश कुमार गुप्ता और डीएसओ प्रमोद कुमार पहुंचे. अधिकारियों ने गोपालपुर सहित विभिन्न गांवों में जाकर डेटा की शुद्धता जांची और प्रगणकों को 31 मई तक पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया. नोखा में इस कार्य के लिए कुल 253 प्रगणक लगाए गए हैं.
SASARAM NEWS (रंजन कुमार): भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पारदर्शिता का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है. इसी कड़ी में जनगणना निदेशालय, पटना के सहायक निदेशक राकेश कुमार गुप्ता एवं रोहतास के जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (DSO) प्रमोद कुमार ने गुरुवार को नोखा प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा किया. इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रगणकों के पास उपलब्ध जनगणना रजिस्टर, प्रपत्रों, आवास सूचीकरण की फाइलों तथा इसके लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया.
आंकड़ों की सटीकता की हुई जांच, लापरवाही बरतने पर मिलेगी सजा
जांच के क्रम में अधिकारियों ने मुख्य रूप से मकान सूचीकरण एवं राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) से संबंधित संकलित किए जा रहे आंकड़ों की सटीकता और सत्यता का मूल्यांकन किया. पदाधिकारियों ने प्रपत्र (फॉर्म) भरने में किसी भी प्रकार की लिपिकीय या तकनीकी त्रुटि नहीं होने को लेकर धरातल पर काम कर रहे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सहायक निदेशक राकेश कुमार गुप्ता ने सभी प्रगणकों (इन्युमरेटर्स) एवं पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर्स) को अपने दायित्वों में पूर्ण पारदर्शिता और सत्यता बरतने की सख्त हिदायत दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निरीक्षण जिले में जनगणना से जुड़े प्रशासनिक अभिलेखों को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने तथा भविष्य में आम जनता तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत सही लाभ पहुंचाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है.
गोपालपुर गांव पहुंचे अधिकारी, गृहस्वामी को दी तथ्य न छिपाने की सलाह
मकान सूचीकरण कार्य के भौतिक सत्यापन के दौरान अधिकारियों का काफिला नोखा प्रखंड के गोपालपुर गांव पहुंचा. वहां जांच के क्रम में अधिकारियों को एक पक्के मकान में शौचालय नहीं होने की विसंगतिपूर्ण जानकारी मिली, जिस पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित गृहस्वामी से पूछताछ की. सहायक निदेशक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रगणकों के सामने अपनी आवासीय स्थिति से जुड़े वास्तविक तथ्य कतई न छिपाएं. इसके साथ ही उन्होंने प्रगणकों को हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने-अपने ब्लॉक का कार्य पूरा करने तथा आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने का कड़ा निर्देश दिया.
31 मई तक चलेगा प्रथम चरण का अभियान, नोखा में 253 प्रगणक तैनात
उल्लेखनीय है कि देशव्यापी भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग का यह विशेष कार्य 2 मई से प्रारंभ होकर आगामी 31 मई तक अनवरत संचालित होगा. इस अभियान के तहत प्रत्येक परिवार की मूलभूत जानकारी, मकानों की भौतिक स्थिति, परिवारों की कुल संख्या तथा अन्य आवश्यक आर्थिक व सामाजिक सूचनाएं संकलित की जा रही हैं. नोखा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में इस राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 253 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो विभिन्न हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में चिलचिलाती धूप के बीच घर-घर जाकर डेटा एकत्र कर रहे हैं.
अधिकारियों के अनुसार, प्रखंड के अधिकांश क्षेत्रों में यह कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसे समय पर पूरा कर लिया जाएगा. निरीक्षण के मौके पर स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शेफाली, आशुतोष मिश्र, दीपक मोहन, अरविंद कुमार सहित कई अन्य विभागीय कर्मी व गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










