सासाराम की जर्जर सड़क पर गड्ढा, रोज परेशान हो रहे हजारों लोग, समाजसेवी ने विधायक-प्रशासन से की मरम्मत की मांग

Updated:
विज्ञापन

जर्जर सड़क | Prabhat Khabar Network

सासाराम में समाजसेवी रजनीश वर्मा ने जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए विधायक और प्रशासन से गुहार लगाई है। राहगीरों को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए जल्द सुधार की मांग।

विज्ञापन

Rohtas News : सासाराम शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल सिविल लाइन से मुख्य जीटी रोड होते हुए तकिया की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटे हिस्से होने के कारण राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मामले को लेकर समाजसेवी रजनीश कुमार वर्मा ने स्थानीय विधायक और जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

गड्ढों के कारण आवाजाही बनी मुश्किल

समाजसेवी रजनीश कुमार वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह सड़क शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है, लेकिन लंबे समय से इसकी स्थिति खराब बनी हुई है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को संभलकर आवागमन करना पड़ता है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग परेशानी का कारण बना हुआ है.

स्कूल-कॉलेज जाने वाले हजारों विद्यार्थियों की आवाजाही

रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि इसी मार्ग पर शहर के कई स्कूल और कॉलेज स्थित हैं. यहां प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्कूल बसों का आवागमन होता है. सड़क की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. व्यस्त समय में सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है.

अस्पताल और क्लीनिक तक पहुंचने का भी प्रमुख रास्ता

उन्होंने कहा कि सिविल लाइन क्षेत्र के कई प्रमुख चिकित्सकों के क्लीनिक और अस्पतालों तक पहुंचने के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण है. सड़क की बदहाली के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी होती है. आपात स्थिति में जर्जर सड़क के कारण आवागमन प्रभावित होना गंभीर चिंता का विषय है.

तकिया क्षेत्र को शहर से जोड़ती है सड़क

समाजसेवी ने बताया कि यह मार्ग तकिया क्षेत्र को शहर के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.

समय रहते नहीं हुई मरम्मत तो हो सकता है हादसा

रजनीश कुमार वर्मा ने स्थानीय विधायक और जिला प्रशासन से जनहित में सड़क की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो जर्जर हिस्सों और गड्ढों के कारण गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी. उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर लोगों को राहत देने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन