रोहतास में 10 अगस्त से लगेगा PMFNE का विशेष शिविर, 339 लाभुकों को मिलेगा योजना का लाभ

Updated:
विज्ञापन

फोटो-उद्योग भवन | Prabhat Khabar Network

सासाराम में पीएमएफएमई योजना के तहत सूक्ष्म खाद्य उद्यमियों के लिए 10 से 31 अगस्त तक विशेष शिविर का आयोजन, जानें आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज।

विज्ञापन

Rohtas News : सासाराम सदर. खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े सूक्ष्म उद्यमियों और नया कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए जिला उद्योग केंद्र रोहतास के सभागार में 10 से 31 अगस्त तक विशेष शिविर लगाया जाएगा. रविवार और बिहार सरकार के राजपत्रित अवकाश को छोड़कर इच्छुक आवेदक शिविर में पहुंचकर योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.

339 लाभुकों का लक्ष्य, बैंक को भेजा जाएगा आवेदन

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में रोहतास जिले में पीएमएफएमई योजना के तहत 339 लाभुकों का भौतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आशीष रंजन ने बताया कि शिविर में आने वाले इच्छुक आवेदकों का ऑनलाइन आवेदन भरवाया जाएगा. इसके बाद ऋण स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया के लिए आवेदन संबंधित बैंक शाखा को समय पर भेजा जाएगा.

खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को मिलेगा मौका

योजना का लाभ खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े सूक्ष्म उद्यमियों के साथ नया उद्यम शुरू करने वाले पात्र आवेदक भी ले सकेंगे. शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक इच्छुक लोगों को योजना से जोड़कर स्वरोजगार और छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देना है.

आठवीं पास होना अनिवार्य

पीएमएफएमई योजना के तहत आवेदन करने के लिए आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गयी है. पात्र आवेदकों को आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे.

ये दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा शिविर

आवेदन के लिए आवेदक को पैन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली बिल, जमीन की रसीद, रेंट एग्रीमेंट या राशन कार्ड, बैंक पासबुक, मशीन का कोटेशन, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र साथ लाना होगा. विभाग ने सभी जरूरी कागजात के साथ शिविर में पहुंचने की अपील की है.

कहां लगेगा शिविर, यहां से मिलेगी जानकारी

योजना से संबंधित जानकारी के लिए आवेदक प्रखंडवार डीआरपी से संपर्क कर सकते हैं. विशेष शिविर जिला उद्योग केंद्र रोहतास के सभागार में आयोजित होगा. जिला उद्योग केंद्र का कार्यालय प्रखंड विकास पदाधिकारी, सासाराम के कार्यालय परिसर में एनसीसी बटालियन के समीप स्थित है.

31 अगस्त तक आवेदन का मौका

विभाग ने इच्छुक लोगों से निर्धारित अवधि के भीतर शिविर में पहुंचकर आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि जिले के लिए निर्धारित 339 लाभुकों के लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके. योजना के माध्यम से छोटे उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने और नए उद्यम स्थापित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है.


विज्ञापन
Jitendra Kr Paswan

लेखक के बारे में

By Jitendra Kr Paswan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन