रोहतास: नासरीगंज में भाजपा ग्रामीण पूर्वी मंडल कार्यसमिति की बैठक, संगठनात्मक गतिविधियों पर हुई चर्चा
बैठक में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के नासरीगंज में भाजपा ग्रामीण पूर्वी मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की अनिवार्य भागीदारी और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
Rohtas News : रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत खिरीआव गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ग्रामीण पूर्वी मंडल कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री रमेश कुमार यादव एवं संजय पंडित ने संयुक्त रूप से किया। इस बैठक में पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की अनिवार्य भागीदारी और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित मंडल प्रभारी लालबाबू उर्फ संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पार्टी के आगामी कैलेंडर की जानकारी दी।
हर माह होगी मंडल कार्यसमिति और शक्ति केंद्र की नियमित बैठक
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी लालबाबू उर्फ संजय कुमार ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के पहले रविवार को भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित होगी। इस बैठक में मंडल के सभी पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा मंडल क्षेत्र में रहने वाले जिला व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा, प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें शक्ति केंद्र अध्यक्ष, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं संबंधित पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
सरल ऐप और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का उपयोग बढ़ाने पर जोर
कार्यसमिति की बैठक के दौरान केंद्रीय व राज्य नेतृत्व द्वारा निर्देशित विभिन्न डिजिटल अभियानों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को 'सरल ऐप' डाउनलोड करने और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सत्र पूरा कर प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को सुबह 11:00 बजे प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने और उसकी जानकारी व तस्वीरें 'सरल ऐप' पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन कर बैठक के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष सह प्रभारी रघुनाथ शरण गुप्ता, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष कमेंद्र सिंह, अशोक कुमार शर्मा, लल्लू साह, सोनू कुमार, अरविंद कुमार, कृष्णा साह, भैया राम सिंह, सरोज कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










