सासाराम में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, DM बोले- नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में दें योगदान

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन 4ए : कार्यक्रम में शामिल प्रोफेसर, अतिथि व अन्य. | Prabhat Khabar Network

सासाराम में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। डीएम ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

विज्ञापन

Rohtas News : सासाराम के एसपी जैन कॉलेज सभागार में शनिवार को युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. मेरा युवा भारत (माई भारत), रोहतास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने की अपील की.

नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है. इस ऊर्जा को नशे की गिरफ्त में जाने के बजाय शिक्षा, कौशल विकास, खेल, रोजगार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

नशे से स्वास्थ्य के साथ परिवार भी होता है प्रभावित

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के स्वास्थ्य, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गयी. बताया गया कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि इससे परिवार और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है. युवाओं से अपील की गयी कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करें.

नुक्कड़ नाटक से दिखाया नशे का नुकसान

नशामुक्ति का संदेश प्रभावी तरीके से युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, मूक अभिनय, चित्रकला, भाषण, लघु फिल्म, रील, नारा लेखन और स्लैम पोएट्री जैसी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. नशामुक्ति विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया.

युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने और ‘नशामुक्त युवा-स्वस्थ समाज-विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा अधिकारी कोमल निगम ने किया. मौके पर कॉलेज के प्रोफेसर, अतिथि और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन