छपरा: ठनका की चपेट में आकर दो लोगों की गयी जान, एक किशोर जख्मी

रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
रविवार दोपहर सारण जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. इस घटना ने दोनों गांवों में मातम का माहौल बना दिया है.
Saran News : छपरा जिले के जलालपुर प्रखंड के कोपा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड और सम्होता गांव में रविवार की दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है.
धान रोपनी के दौरान पिता-पुत्र पर गिरी बिजली
मृतकों की पहचान कोपा नगर पंचायत वार्ड संख्या-1 निवासी 43 वर्षीय ओमप्रकाश मांझी और सम्होता गांव निवासी 14 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है. ओमप्रकाश मांझी पेशे से पेंटर थे. उनके 14 वर्षीय पुत्र यश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
परिजनों के अनुसार रविवार दोपहर ओमप्रकाश अपने पुत्र यश के साथ धान की रोपनी के लिए खेत में बिचड़ा लेकर गए थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच खेत में ही उन पर आकाशीय बिजली गिर गई. ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यश गंभीर रूप से झुलस गए.
गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
घायल यश कुमार को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
दूसरे गांव में किशोर की भी गई जान
दूसरी घटना सम्होता गांव की है, जहां 14 वर्षीय रोहित कुमार खेत में धान की रोपनी करा रहा था. इसी दौरान वह भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. बताया गया कि उसके पिता राजमिस्त्री का कार्य करते हैं और रोहित परिवार का इकलौता पुत्र था. ओमप्रकाश मांझी अपने पीछे पत्नी उमरावती देवी, तीन पुत्र, एक पुत्री तथा वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी, माता और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण दोनों परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे.
मुआवजे की मांग और प्रशासन की अपील
स्थानीय लोगों ने आपदा राहत योजना के तहत दोनों पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










