Chhapra News : हड़ताल के कारण ओपीडी में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत हुआ मरीजों का इलाज

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन
Chhapra News : हड़ताल के कारण ओपीडी में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत हुआ मरीजों का इलाज

Chhapra News : छपरा सदर अस्पताल के नियमित चिकित्सक बायोमेट्रिक हाजिरी से हो रही परेशानी और बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर 27 से 29 मार्च तक हड़ताल पर चले गये हैं.

विज्ञापन

छपरा. छपरा सदर अस्पताल के नियमित चिकित्सक बायोमेट्रिक हाजिरी से हो रही परेशानी और बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर 27 से 29 मार्च तक हड़ताल पर चले गये हैं. इसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की. हड़ताल के कारण मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए शुक्रवार को आयुष चिकित्सकों को सदर प्रखंड से बुलाकर ओपीडी, अल्ट्रासाउंड और अन्य विभागों में तैनात किया गया. इसके बाद अस्पताल में सामान्य दिनों की तरह स्वास्थ्य सेवाएं जारी रही. ओपीडी में आयुष चिकित्सकों ने अपनी जिम्मेदारी संभाली, वहीं मेडिसिन, इएनटी और हड्डी रोग विभाग में चिकित्सकों ने मरीजों का इलाज किया. अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी मरीजों की लंबी कतारें देखी गयी, लेकिन कर्मचारियों ने सुचारू रूप से पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की.

गुरुवार को मरीज थे मायूस, शुक्रवार को दिखे संतुष्ट

गुरुवार को हड़ताल के कारण इलाज न मिलने से मायूस मरीज शुक्रवार को समय से पहले अस्पताल पहुंच गये. आयुष चिकित्सकों की तैनाती और वैकल्पिक व्यवस्था के कारण उन्हें समय पर इलाज मिला, जिससे वे संतुष्ट दिखे. मेडिसिन विभाग में तीन चिकित्सकों, डॉ बीएन प्रसाद, डॉ कमलेश कुमार शर्मा और डॉ उमाकांत प्रसाद को तैनात किया गया, जबकि हड्डी विभाग में डॉ मेघनाथ प्रसाद और डॉ जीवन को नियुक्त किया गया. अस्पताल प्रबंधन ने आयुष चिकित्सकों की तैनाती के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों के नियमित निरीक्षण से व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाये रखा.

डॉक्टरों की मांग और अल्टीमेटम

हड़ताल पर गये चिकित्सकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. उनकी मुख्य मांगें बायोमेट्रिक हाजिरी की अनिवार्यता को समाप्त करना और बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान है. अस्पताल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस पर चर्चा करके समाधान निकाला जायेगा, ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो और स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Alok Kumar

लेखक के बारे में

By Alok Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन