बीएसएफ हेड कांस्टेबल अजय सिंह को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पैतृक गांव में उमड़ा जनसैलाब

श्रद्धांजलि देते लोग
Saran News : पश्चिम बंगाल के मालदा में साथी जवान की गोलीबारी में शहीद हुए बीएसएफ हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सारण पहुंचा. उनके अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पूरे राजकीय सम्मान और 'भारत माता की जय' के नारों के बीच वीर जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई.
Saran News : सारण जिले के मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला निवासी तथा पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित बीएसएफ कैंप में तैनात हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा. तिरंगे में लिपटे वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे. पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.
साथी जवान की गोलीबारी में हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह की पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित बीएसएफ कैंप में अपने ही एक साथी जवान द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में मौत हो गई थी. इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
विधायक ने अर्पित की श्रद्धांजलि, परिवार को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
स्थानीय जदयू विधायक रणधीर कुमार सिंह शहीद जवान के आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
'देश सेवा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा'
विधायक रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह ने देश की सेवा में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और साहस के साथ निर्वहन किया. उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेती रहेंगी.
भारत माता के जयघोष के बीच दी गई अंतिम विदाई
अंतिम यात्रा के दौरान पूरा गांव 'भारत माता की जय' और 'अजय कुमार सिंह अमर रहें' के नारों से गूंज उठा. ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी.
Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










