सारण में अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन परिवारों से वास भूमि के पर्चा के लिए लिये जायेंगे आवेदन
प्रेसवर्ता करते जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव | Prabhat Khabar Network
सारण जिले में भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के लिए 'अभियान बसेरा-2' शुरू हो रहा है। 22 से 28 सितंबर तक जिले की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगेंगे, जहां से पात्र परिवार आवेदन कर सकेंगे।
Saran News : सारण जिले में अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 से 28 सितंबर 2026 तक लगातार सात दिनों तक जिले की सभी 318 पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे. इन शिविरों में पात्र भूमिहीन परिवारों से वास भूमि के पर्चा के लिए आवेदन लिये जायेंगे. प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की जायेगी.
इसको लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. बैठक में संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. डीएम ने विशेष शिविरों के सफल संचालन और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. इसके अलावा 31 अक्टूबर तक जमाबंदी सुधार के लिए चलाये जाने वाले अभियान की भी जानकारी दी गयी.
सुबह 6 से दोपहर 3 बजे तक लगेंगे शिविर
जिले की सभी 318 पंचायतों में 22 से 28 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे. प्रत्येक पंचायत में आवेदन प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रपत्र और पंजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. आवेदन प्रपत्र पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा.
पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्त कर्मी आवेदकों से आवेदन प्राप्त करेंगे. जिन आवेदकों को आवेदन प्रपत्र भरने में परेशानी होगी, उनकी सहायता के लिए पंचायत स्तर पर कर्मी की प्रतिनियुक्ति प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जायेगी.
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे
आवेदन भरने के बाद आवेदक को निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान करना होगा. इसके साथ आवश्यक दस्तावेज भी आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे. शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का पंजी में विधिवत संधारण किया जायेगा.
प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पात्र भूमिहीन परिवारों के आवेदन की प्रक्रिया समय पर आगे बढ़ायी जा सके.
वरीय पदाधिकारी करेंगे शिविरों की निगरानी
सभी प्रखंडों के वरीय या प्रभारी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विशेष शिविरों की तैयारियों और संचालन का लगातार अनुश्रवण करेंगे. शिविरों के संबंध में आम लोगों को जानकारी देने के लिए फ्लेक्स और होर्डिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया है.
पंचायत स्तर पर ही जमा होंगे आवेदन
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि वास स्थल के लिए भूमि बंदोबस्ती का मामला संबंधित अंचल स्तर से जुड़ा है. पात्र भूमिहीन परिवारों को अपने आवेदन संबंधित पंचायत में आयोजित विशेष शिविर में ही जमा करना होगा. आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू की जायेगी.
विशेष शिविरों के माध्यम से वास भूमि के लिए आवेदन की प्रक्रिया को पंचायत स्तर पर ही सरल और सुगम बनाने की व्यवस्था की गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए