सारण: छह माह पहले बुजुर्ग की हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

गिरफ्तार अभियुक्त
सारण जिले के रसौली गांव में छह महीने पहले हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. यह गिरफ्तारी पीड़ित की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई FIR के बाद हुई है.
Saran News: पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली गांव में पुलिस ने करीब छह माह पूर्व हुए एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनिरका साह, उनके पुत्र सुभाष साह और विक्की साह के रूप में हुई है.
विवाद के बाद किया था जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, गत वर्ष 2 दिसंबर की रात पूर्व के विवाद को लेकर आरोपियों ने दारोगा साह और उनके परिजनों पर लाठी, डंडे, रॉड और चाकू से हमला कर दिया था. हमले में 60 वर्षीय दारोगा साह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पानापुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया था. परिवार में पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण उनका इलाज ग्रामीण चिकित्सकों की देखरेख में चलता रहा. इसी दौरान 8 दिसंबर को उनकी मौत हो गई.
पत्नी ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
मृतक की पत्नी देवकली देवी ने पानापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए मनिरका साह, सुभाष साह और विक्की साह को नामजद आरोपित बनाया था.
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मामले में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










