सारण में दुकान का बकाया पैसा मांगना पड़ा भारी, दुकानदार को पीटकर वीडियो वायरल करने का आरोप

वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट
Saran News : सारण में एक दुकानदार को बकाया पैसा मांगना भारी पड़ गया. आरोप है कि दबंगों ने दुकानदार और उसके भाई की पिटाई कर दी. इतना ही नहीं, उन्होंने जबरन पैर पर गिरवाकर वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
Saran News : मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर पुरानी बाजार में दुकान का बकाया पैसा मांगने पर दबंगई का मामला सामने आया है. चाट-छोला और पान दुकानदार मुन्ना कुमार उर्फ मुन्ना प्रताप कुशवाहा ने कुछ लोगों पर मारपीट करने, अपमानित करने और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.
पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद, भाई के साथ मारपीट का आरोप
पीड़ित मुन्ना कुमार द्वारा मढ़ौरा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना की शुरुआत 12 जुलाई को हुई. गांव के जयप्रकाश कुमार ने उसकी दुकान से सामान लिया था. जब दुकानदार ने बकाया पैसे की मांग की तो आरोप है कि जयप्रकाश कुमार ने गाली-गलौज करते हुए मुन्ना के छोटे भाई के साथ मारपीट की. इसके बाद 14 जुलाई की दोपहर जयप्रकाश कुमार करीब दो दर्जन युवकों के साथ दुकान पर पहुंचा. पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां के साथ भी बदसलूकी की.
जबरन पैर पर गिराने और वीडियो बनाने का लगाया आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने दुकानदार और उसके भाई को जबरन अपने पैरों पर गिरने के लिए मजबूर किया और मोबाइल से इसका वीडियो रिकॉर्ड किया. बाद में वीडियो पर रंगदारी वाला गाना लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने पंचायत की बात मानने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी.
प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार ने 25 जुलाई को मढ़ौरा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने मुन्ना कुमार के आवेदन के आधार पर केस संख्या 639/26 दर्ज कर लिया है. मढ़ौरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










