सारण: प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा में डीएम सख्त, बोले- अनावश्यक कारणों से ऋण आवेदन अस्वीकृत नहीं करें बैंक
सांकेतिक तस्वीर
सारण जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन को लेकर बैंकों को सख्त निर्देश दिए हैं. ऋण स्वीकृति में अनावश्यक देरी या छोटी गलतियों पर आवेदनों को अस्वीकृत करने पर बैंकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
Saran News: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की. इस दौरान योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने बैंकों की धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए.
ऋण स्वीकृति में देरी करने वाले बैंकों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के तहत बैंकों की धीमी प्रगति और उदासीनता पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है या अपेक्षित सहयोग नहीं दिया जा रहा है, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सरकार की जमा राशि हटाने जैसी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा.
लाभुकों के आवेदन छोटी गलतियों के आधार पर नहीं करें अस्वीकृत
बैठक में वेंडरों ने बताया कि योजना की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बैंकों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलना है. इस पर डीएम ने बैंक अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि योजना के प्रति सकारात्मक और जनहितकारी रवैया अपनाएं.
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लिपिकीय त्रुटियों के आधार पर ऋण आवेदन अस्वीकृत नहीं किए जाएं. तकनीकी या मामूली कारणों से निरस्त किए गए आवेदनों की दोबारा समीक्षा कर उन्हें तत्काल पुनर्जीवित करने का निर्देश दिया गया.
कम सिबिल स्कोर वाले मामलों में को-बॉरोअर से मिलेगा ऋण
बैठक में बैंक प्रतिनिधियों ने कम सिबिल स्कोर के कारण ऋण स्वीकृति में आने वाली परेशानी की जानकारी दी. इस पर जिलाधिकारी ने समाधान देते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में आवश्यकता के अनुसार को-बॉरोअर के माध्यम से ऋण स्वीकृत किया जाए.
उन्होंने कहा कि आवेदन में दर्ज विद्युत भार और बिजली बिल में अंकित लोड में अंतर होने पर उसे तत्काल सुधार किया जाए, लेकिन इस आधार पर किसी भी आवेदन को खारिज नहीं किया जाए.
तीन दिवसीय विशेष शिविर लगाने का निर्देश
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करें. इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों, बैंक प्रतिनिधियों, विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियरों, अधिकृत वेंडरों, आवेदकों और योजना के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के अनुभव से अन्य पात्र परिवारों को भी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा सकेगा.
योजना को मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लाभार्थियों के पंजीकरण, आवेदन स्वीकृति, बैंक ऋण, विद्युत विभाग की तकनीकी प्रक्रिया और रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना की समीक्षा की गई.
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों के बिजली खर्च को कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता, अग्रणी जिला प्रबंधक सारण, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला विकास शाखा के अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











