सारण में 9 दिन बाद खत्म हुई नगर निगम सफाईकर्मियों की हड़ताल, कल से 1050 कर्मी संभालेंगे शहर की सफाई

Updated:
विज्ञापन

सरकार के समर्थन में नारे लगाते सफाईकर्मी

सारण जिले में नौ दिनों से जारी नगर निकायों की सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया है. अब स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर की व्यापक साफ-सफाई पर जोर दिया जाएगा.

विज्ञापन

Saran News: सारण जिले के नगर निकायों में नौ दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई. गुरुवार को सुबह तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे सफाईकर्मियों के सुर शाम होते-होते बदल गए. सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनने की सूचना मिलते ही आंदोलनकारी कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी और सरकार के समर्थन में नारे लगाए.

नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने बताया कि शुक्रवार से सभी सफाईकर्मी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटेंगे. अब प्राथमिकता स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए शहर की व्यापक साफ-सफाई होगी.

1050 सफाईकर्मी चलाएंगे विशेष सफाई अभियान

हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान की तैयारी शुरू कर दी है. अभियान के तहत शहर की सड़कों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए कुल 1050 कर्मियों को लगाया जाएगा.

इनमें शामिल हैं:

  • 330 डेली वेजेज सफाईकर्मी
  • 30 डेली वेजेज जमादार
  • 10 डेली वेजेज ड्राइवर
  • 2 सेनेटरी इंस्पेक्टर
  • 10 लिपिक
  • 680 एनजीओ के सफाईकर्मी

सारण के 10 नगर निकायों में ठप थी सफाई व्यवस्था

30 जुलाई से छपरा नगर निगम सहित सारण जिले के सभी 10 नगर निकायों के लगभग 1000 संविदा एवं दैनिक सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे. छपरा नगर निगम के करीब 350 तथा अन्य नगर निकायों के लगभग 600 कर्मचारी आंदोलन में शामिल थे.

हड़ताल के कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई और कचरा उठाव पूरी तरह प्रभावित हो गया था.

शहर में लग गया था कचरे का अंबार

हड़ताल के चलते नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी. गुदरी बाजार, साहिबगंज सरकारी बाजार, मोना चौक, करीमचक, नगर पालिका चौक, कचहरी स्टेशन रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में कचरे का अंबार लग गया था. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

इन मांगों पर बनी सहमति

यूनियन अध्यक्ष सियाराम सिंह ने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति दी है. समझौते के तहत दैनिक और संविदाकर्मियों को छुट्टी, ग्रेच्युटी तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है. इन सुविधाओं को स्थायी कर्मचारियों के समान लागू करने का आश्वासन दिया गया है.

सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों में स्थायीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, मानदेय में वृद्धि, स्वास्थ्य बीमा और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं शामिल थीं.

स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर होगा साफ

नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा कि हड़ताल समाप्त हो चुकी है. अब नगर निगम का एकमात्र लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है.

वहीं महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि सफाईकर्मियों के काम पर लौटने के बाद पूरे शहर में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे.

इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर


विज्ञापन
संजय भारद्वाज

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन