मढ़ौरा में रातभर गूंजे मोहम्मद रफी के तराने, बिहार-झारखंड के गायकों ने बांधा समां

Updated:
विज्ञापन
मंच से अपनी प्रस्तुति देते कलाकार | Prabhat Khabar Network

मंच से अपनी प्रस्तुति देते कलाकार | Prabhat Khabar Network

मढ़ौरा के स्थानीय हाई स्कूल में 'रफी नाइट' का सफल आयोजन हुआ, जहाँ मोहम्मद रफी के सदाबहार गीतों को श्रद्धांजलि दी गई. बिहार और झारखंड के प्रतिभाशाली गायकों ने अपनी सुरीली आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.

विज्ञापन

मढ़ौरा स्थानीय हाई स्कूल के सभागार में शुक्रवार की शाम मशहूर पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की याद में एक भव्य ‘रफी नाइट’ का आयोजन किया गया. गीतांजलि सांस्कृतिक मंच के बैनर तले आयोजित इस संगीत संध्या में महान गायक को कलाकारों और गणमान्य लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम का उद्घाटन मढ़ौरा नगर मुख्य पार्षद रूबी सिंह, जिला पार्षद सदस्य मीना अरुण समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इसके बाद संगीत का ऐसा दौर शुरू हुआ कि पूरा सभागार रफी साहब के गीतों से गूंज उठा.

स्थानीय कलाकार रामबाबू सोनी ने ‘शिरडी वाले साईं बाबा’ भजन से कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद झारखंड की रांची से आई गायिका कोमल कुमारी और सीवान के गायक नसरुल्ला खां की युगल गायकी ने ‘डफली वाले डफली बजा’ गीत गाकर समां बांध दिया. गायक एन. अहमद द्वारा प्रस्तुत ‘लिखे जो खत तुझे, तेरी याद में’ गीत ने श्रोताओं से खूब तालियां बटोरीं. इनके अलावा नवस राय, रमेश कुमार, अमित मेहरा और दुनटुन प्रसाद समेत अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.

कार्यक्रम का बेहतरीन तरीके से संचालन जेपी सिंह ने किया. इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने के लिए मुखिया विनय सिंह, विष्णु गुप्ता, भानू प्रताप सिंह, सोनू सिंह, सुजीत सिंह, चिंतामणि सिंह, आफताब इदरीशी समेत क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग और संगीत प्रेमी मौजूद रहे. सभी ने कलाकारों की कला की सराहना करते हुए इसे मढ़ौरा के सांस्कृतिक जीवन के लिए एक यादगार शाम बताया.


विज्ञापन
मनोकामना सिंह

लेखक के बारे में

By मनोकामना सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन